कहा, प्रदेश के लोगों की खून-पसीने की कमाई को इन लोगों ने बेरहमी से लूटा
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से शिरोमणी अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा है कि ये पार्टियां सूबे को लूटने के लिए अपनी बारी की उड़ान का इंतजार कर रही थीं। सुखबीर बादल जनता में अपना आधार गंवा चुका है और भाड़े के वर्करों के साथ रैलियों में भीड़ दिखा रहे हैं। हर रैली में वही लोग दिखाई दे रहे हैं।
वे सरकार के बेमिसाल कामों के कारण अपना मानसिक संतुलन गंवा चुके हैं, जिस कारण वे डायनासोरों की वापसी जैसे तर्कहीन बयान दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे बयान निराशा को दर्शाते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ऐसे बयानों के आधार पर वे सत्ता में वापस आने के दिन-रात सपने देख रहे हैं, लेकिन यह कभी संभव नहीं हो सकता। ये नेता सुबह से ही मेरे विरुद्ध बोलना शुरू कर देते हैं क्योंकि मैंने लोगों के सामने उनकी असलियत को उजागर किया है।
हम जनता की पाई-पाई नेक कार्यों पर लगा रहे
सरकार की वचनबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने लोगों की खून-पसीने की कमाई को बहुत बेरहमी से लूटा है और इसलिए उन्हें कभी भी माफ नहीं किया जाएगा। इसके उलट पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है और एक-एक पैसे का समझदारी से उपयोग कर रही है। नौजवानों की ऊर्जा को सही दिशा में लगाने के लिए 3100 खेल मैदान तैयार करने के लिए 190 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं की पहलों को उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत, 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा रहे हैं। हर परिवार 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का हकदार है। 31 लाख से अधिक लाभार्थियों को कार्ड मिले हैं और 1.65 लाख लोगों ने मुफ्त इलाज का लाभ उठाया है। लोगों को इस योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाना चाहिए।
आज पंजाब के हर किसान को मिल रहा पानी
कृषि और बिजली के बारे में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, पहली बार, किसानों को धान के सीजन के दौरान ट्यूबवेलों के लिए आठ घंटे से ज्यादा निर्विघ्न बिजली मिली है। अब दिन में भी बिजली सप्लाई की जा रही है, जिससे किसानों के जीवन में प्रभावी बदलाव देखने को मिला है। राज्य वासियों का एक-एक पैसा लोगों की भलाई के लिए खर्च किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार सभी क्षेत्रों में ढांचागत बदलाव लायी है।
लोगों के टैक्स का पैसा उनका अपना है और इसे स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और विकास पर खर्च किया जा रहा है। 90 फीसदी घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, 65,000 से ज्यादा नौजवानों को भ्रष्टाचार से बिना नौकरियां मिली हैं, सड़कों में सुधार हुआ है, टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे रोजाना 70 लाख रुपये की बचत हुई है और बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : लोग लूट, झूठ की राजनीति से ऊब चुके : मान


