
गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियार और नशे की करते थे प्रदेश भर में सप्लाई : डीजीपी
Punjab Breaking News (आज समाज), अमृतसर : हथियार व नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान के दौरान अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने सीमा पार से मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो बड़े नेटवर्कों का पदार्फाश करके पांच व्यक्तियों को सात अवैध पिस्तौल और 2.030 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी निदेशक जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान परगट सिंह उर्फ पग्गा (30) और जनबर सिंह (20) दोनों निवासी गांव डल्ल, तरन तारन; बलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला (30) निवासी गांव डोके, अमृतसर देहाती; अमनदीप सिंह उर्फ अमन (37) निवासी सरवरपुरा, अमृतसर और बलविंदर सिंह उर्फ काला (42) निवासी कोट आत्मा राम, अमृतसर के रूप में हुई है।
आरोपियों से ये हथियार हुए बरामद
बरामद की गई पिस्तौलों में चार .30 बोर (मेड इन चाइना) और तीन 9एमएम (मेड इन आॅस्ट्रिया) शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस टीमों ने आपराधिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे आरोपियों की दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता लगा है कि शस्त्र अधिनियम के मामले में पकड़े गए आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियार प्राप्त करके उन्हें आगे अमृतसर एवं तरन तारन क्षेत्र मं सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने, विदेशी तस्करों से संबंधों की जांच-पड़ताल और व्यापक सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
आॅपरेशन का विवरण साझा करते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले मामले में पुलिस ने प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी परगट उर्फ पग्गा, जनबर सिंह और बलविंदर उर्फ बिल्ला को पांच अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है।
उन्होंने आगे बताया कि आरोपी परगट उर्फ पग्गा और बलविंदर उर्फ बिल्ला द्वारा किए गए खुलासे के आधार पर पुलिस ने उनके द्वारा बताई गई जगह से दो और पिस्तौलें बरामद कीं। दूसरे आॅपरेशन के बारे में सीपी ने बताया कि विशेष सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी अमनदीप उर्फ अमन और बलविंदर उर्फ काला को काबू किया और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2.03 किलो हेरोइन बरामद हुई।

