Punjab Weather Update : पंजाब में इस सप्ताह दस्तक दे सकता है मानसून

0
165
Punjab Weather Update : पंजाब में इस सप्ताह दस्तक दे सकता है मानसून
Punjab Weather Update : पंजाब में इस सप्ताह दस्तक दे सकता है मानसून

भारतीय मौसम विभाग ने जताई उम्मीद, 25 जून के बाद कभी भी हो सकती है एंट्री

Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : कई दिन की ब्रेक के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून दोबारा से एक्टिव हो चुका है। इसके साथ ही यह पूरी गति के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी बीच उत्तर भारत विशेषकर पंजाब के लिए भारतीय मौसम विभाग ने एक अच्छी सूचना जारी की है।

दरअसल मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार मानसून इसी सप्ताह पंजाब में दस्तक दे सकता है। यदि ऐसा होता है तो गर्मी से तो राहत मिलेगी ही इसके साथ ही धान रोपाई के काम में भी तेजी आएगी। ज्ञात रहे कि पंजाब में एक बड़े क्षेत्रफल पर धान रोपाई की जाती है। जिसके लिए अच्छी बारिश होना बहुत जरूरी है।

इस दिन से बदल सकता है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक जून के आखिरी हफ्ते यानी 25 से 30 जून के बीच कभी भी मानसून की एंट्री हो सकती है। बड़े शहरों में मानसून पहले अमृतसर और आखिर में बठिंडा पहुंचेगा। वहीं चंडीगढ़ में 27 से 30 जून के बीच मानसून की एंट्री होगी। 28-29 जून के आसपास चंडीगढ़ में अच्छी मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भी गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

प्रदेश का तापमान सामान्य से नीचे पहुंचा

सोमवार को कई जगहों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने से पंजाब में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल प्रदेश के तापमान में 3.6 डिग्री गिरावट आई है, जिससे यह नॉर्मल से 2.3 डिग्री नीचे पहुंच गया है। सोमवार को सबसे गर्म बठिंडा रहा, जिसका तापमान 38.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आज अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक, बिजली गिरने व तेज हवाएं चल सकती हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]