जालंधर पुलिस ने दो मर्डर केस के आरोपी का किया एनकाउंटर, गोली लगने से जमीन पर गिरा आरोपी
Jalandhar Crime News (आज समाज), जालंधर : आज सुबह हुए एक एनकाउंटर में जालंधर पुलिस ने दो मर्डर के आरोपी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया बदमाश गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल गिरोह से जुड़ा हुआ सक्रिय सदस्य है। आरोपी डबल मर्डर केस सहित कई आपराधिक मामलों में पुलिस को वांछित था। आज सुबह पुलिस को आरोपी संबंधी गोपनीय जानकारी मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने नाका लगाकर आने-जाने वाले सभी लोगों की जांच शुरू कर दी।
इसी बीच पुलिस टीम को देखकर आरोपी घबरा गया। जब पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस टीम ने भी अपना बचाव करते हुए फायरिंग की। इस फायरिंग में एक गोली आरोपी की टांग में लगी और वह वहीं पर गिर गया। जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान गुल्लू के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
पुलिस कमिश्नर संतिदर सिंह, डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों और एडीसीपी-2 राकेश यादव ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश गुल्लू पुलिस को डबल मर्डर केस में वॉन्टेड था। उसकी तलाश की जा रही थी। तभी बुधवार सुबह 10:15 बजे के करीब पुलिस को सीक्रेट इनपुट मिली कि गुल्लू शहर में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस ने शहर में नाखां वाले बाग पर नाकाबंदी कर दी और वहां स्पेशल टीमें तैनात कर दीं। इस दौरान बाइक पर सवार होकर गुल्लू वहां आया, जिसे पुलिस कर्मियों ने रूकने का इशारा दिया। हालांकि गुल्लू नाका तोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो उसने फायरिंग कर दी।
एक माह पहले डबल मर्डर किया था
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि जालंधर के वेस्ट इलाके में स्थित तिलक नगर में एक महीने पहले सिमरनजीत सिंह (24) और सौरभ (23) का कुछ युवकों द्वारा कत्ल कर दिया गया था। इस दौरान दोनों को गोलियां मारी गई थी। पुलिस के मुताबिक वारदात के दिन गुल्लू ने अपने साथी के साथ रेकी कर पूरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। जिस वक्त कत्ल हुआ, सिमरनजीत व सौरभ अस्पताल जा रहे थे। इन लोगों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। सिमरनजीत की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि सौरभ ने अस्पताल में दम तोड़ा था। इस दौरान गुल्लू नाम का एक बदमाश भी घायल हुआ था।
ये भी पढ़ें : Punjab Assembly Monsoon Session : पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र तीन अगस्त से शुरू


