Punjab Weather Update : बारिश के बाद चढ़ा पंजाब में पारा, सामान्य से फिर भी कम

0
263
Punjab Weather Update : बारिश के बाद चढ़ा पंजाब में पारा, सामान्य से फिर भी कम
Punjab Weather Update : बारिश के बाद चढ़ा पंजाब में पारा, सामान्य से फिर भी कम

जल्द सक्रिय होंगे दो नए पश्चिमी विक्षोभ, मार्च के अंत तक मिलेगी गर्मी से राहत

Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में पिछले कुछ दिन मौसम खराब रहने के बाद अब एक बार फिर से धूप पूरी तरह से खिली हुई है। धूप निकलने के बाद शनिवार को प्रदेश में एक बार फिर से पारा ऊपर की तरफ गया लेकिन मौसम में नमी और हवा में ठंडक के चलते यह अभी भी सामान्य से कम बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा के अनुसार प्रदेश में दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं लेकिन बारिश की संभावना काफी कम है। इसके चलते आने वाले कुछ दिन में प्रदेश के तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी। हालांकि यह वृद्धि उतनी ज्यादा भी नहीं होगी की चुभन भरी गर्मी देखने को मिले।

इन जिलों में अभी भी हल्की बारिश की संभावना

आज सात जिलों पठानकोट, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा और फिरोजपुर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 23 मार्च को राज्य के ज्यादातर जिलों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, तरनतारन, मोगा, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा और फिरोजपुर शामिल है। यहां पर कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

ऐसी बनी है मौसम की स्थिति

मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश होते हुए छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों तक फैला हुआ है। इसके असर से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। साथ ही 26 मार्च से एक और हल्का पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। एक तरफ बारिश से गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं दूसरी तरफ कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि बार-बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होना अब प्रदेश के किसानों के लिए हानिकारक है। इस मौसमी परिवर्तन के चलते बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना बढ़ जाती है जो लगभग पकने की स्थिति में खड़ी गेहूं और सरसों की फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : डीएम आत्महत्या केस में बुरा फंसा भुल्लर परिवार

  • TAGS
  • [post_tags]