कल से दो दिन चलेगी शीतलहर, घने कोहरे का भी अलर्ट
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में नए साल की शुरुआत कुछ जगहों पर हल्की बारिश से हुई। जबकि प्रदेश का अन्य हिस्सा कोहरे और ठंडी हवाओं से ग्रस्त रहा। वहीं भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने आने वाले दिनों के लिए घने कोहरे और शीतलहर की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार दो जनवरी यानी कल से प्रदेश में शीतलहर का प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके साथ ही घना कोहरा भी छाया रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान प्रदेश का पारा सामान्य से कम रहेगा और ठंड पहले से ज्यादा बढ़ेगी।
कोल्ड डे की रहेगी स्थिति
विभाग ने कहा है कि आने वाले सप्ताह में ठंड का कहर और बढ़ेगा। कोल्ड डे की स्थिति भी रहेगी। इन दिनों प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से भी नीचे जाएगा जिससे जिससे कंपन और बढ़ेगी। दो जनवरी से लेकर चार जनवरी के बीच शीतलहर का असर सबसे ज्यादा रहेगा। कई जिलों में घना कोहरा रहेगा जबकि आगामी दो दिनों में पंजाब में बारिश के भी आसार बताए जा रहे हैं। बुधवार को पहाड़ों की तरफ से चली ठंडी हवाओं की वजह से अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई जिस वजह से यह सामान्य से 4.8 डिग्री कम दर्ज किया गया। गुरदासपुर 5.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।
कोहरे के कारण हवाई यातायात भी हुआ बाधित
कई जिलों में कोहरे की वजह से जहां हादसे हुए वहीं उड़ानों व रेल यातायात पर भी असर पड़ा। खराब मौसम की वजह से बुधवार को श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें प्रभावित हुईं। जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई से अमृतसर आने वाली उड़ान आईएक्स-320 को सुरक्षा कारणों से रद्द किया गया। मलेशिया एयरलाइंस की कुआलालंपुर से अमृतसर आने वाली उड़ान एमएच-148 और अमृतसर से कुआलालंपुर जाने वाली उड़ान एमएच-149 भी रद्द कर दी गई।
इसके अलावा एयर इंडिया की दिल्ली से अमृतसर आने वाली एक उड़ान भी खराब मौसम के चलते संचालित नहीं हो सकी। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य करें। अधिकारियों के अनुसार मौसम में सुधार होते ही उड़ान संचालन को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फसलों के लिए जरूरी है बारिश और ठंड
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इन दिनों पड़ रही ठंड और हल्की से मध्यम बारिश गेहूं, सरसों की फसल के लिए बहुत आवश्यक और लाभकारी है। इससे जहां फसलों का बीमारियों से बचाव होगा वहीं बंपर पैदावार होने की भी संभावना है।


