
नई अर्बन एस्टेट्स विकसित करने पर खर्च होगी यह रकम : हरदीप मुंडियां
Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री स. हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में गमाडा द्वारा समय-समय पर करवाई गई नीलामियों को निवेशकों का भरपूर समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि बड़े निवेशकों द्वारा मोहाली में निकट भविष्य में अपने प्रोजेक्ट स्थापित करने से जहां शहर की राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनेगी वहीं राज्य को आर्थिक मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस बार रिकॉर्ड आमदन हुई
ग्रेटर मोहाली एरिया विकास अथॉरिटी (गमाडा) ने प्रॉपर्टीज की नीलामी के मामले में अब तक के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में 27 प्रॉपर्टीज की सफलतापूर्वक नीलामी कर कुल 5391 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है। इस संबंधी अधिक जानकारी साझा करते हुए आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि प्रॉपर्टीज हासिल करने के लिए बोलीदाताओं के बीच हुई जबरदस्त प्रतिस्पर्धा के कारण 20 अगस्त, 2026 को समाप्त होने वाली नीलामी 21 अगस्त, 2026 को सुबह समाप्त हुई। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को शुरू हुई इस नीलामी में कुल 36 प्रॉपर्टीज बोली के लिए पेश की गई थीं।
उम्मीद से कहीं ज्यादा राजस्व मिला
हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि नीलामी में पेश की गई प्रॉपर्टीज की आरक्षित कीमत 3872 करोड़ रुपये रखी गई थी और इन प्रॉपर्टीज की नीलामी करके अथॉरिटी ने कुल 5391 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह आमदन गमाडा के अधिकार क्षेत्र में आने वाले क्षेत्रों में नई अर्बन एस्टेट्स विकसित करने पर खर्च की जाएगी। उल्लेखनीय है कि नीलाम की गई प्रॉपर्टीज में मोहाली के विभिन्न सेक्टरों/प्रोजेक्ट्स में स्थित मिक्स्ड लैंड यूज, होटल, अस्पताल और व्यापारिक साइटें शामिल हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab News : पंजाब में नशा कम होने की जगह कई गुणा ज्यादा बढ़ गया, प्रदेश सरकार गलत आंकड़े पेश कर रही : कांग्रेस

