Punjab Crime News : फगवाड़ा में 16.8 किलो हेरोइन सहित चार तस्कर गिरफ्तार

0
216
Punjab Crime News : फगवाड़ा में 16.8 किलो हेरोइन सहित चार तस्कर गिरफ्तार
Punjab Crime News : फगवाड़ा में 16.8 किलो हेरोइन सहित चार तस्कर गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों में महिला भी शामिल, सीमा पार से जुड़े नशा तस्करों के तार : डीजीपी

Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़/फगवाड़ा : कपूरथला पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से 16.8 किलोग्राम हेरोइन भी बरामद की है।

यह जानकारी देते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ले के बलविंदर सिंह, अमृतसर के गोहलवार की सुमनप्रीत कौर, अमृतसर के दाऊके गांव के रहने वाले हरपाल सिंह और जसकरनबीर सिंह के रूप में हुई है। हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी कार को भी जब्त कर लिया है, जिसमें सवार होकर वे जा रहे थे।

शुरुआती जांच में यह आया सामने

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरूआती जांच से पता चला है कि नशीले पदार्थों की यह तस्करी पाकिस्तान और दुबई में बैठे आकाओं के इशारे पर की जा रही थी। उन्होंने कहा कि यह खेप अमृतसर सीमा क्षेत्र से लाई गई थी और इसे चंडीगढ़ में पहुंचाया जाना था। उन्होंने कहा कि इस मामले में पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां और बरामदगियां होने की संभावना है।

इस तरह मिली पुलिस को कामयाबी

आॅपरेशन की जानकारी साझा करते हुए, कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव तूरा ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, फगवाड़ा पुलिस की टीमों ने एक रणनीतिक जाल बिछाया था। जब पुलिस ने संदिग्धों की बलेनो कार को रोका, तो आरोपियों ने भागने के लिए पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। एसएसपी ने बताया कि तेज रफ़्तार से पीछा करने के बाद, पुलिस को गाड़ी को रोकने के लिए उसके टायरों पर गोलियां चलानी पड़ीं । उन्होंने आगे बताया कि गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 16.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

  • TAGS
  • [post_tags]