विदेशी गैंगस्टरों के स्थानीय हैंडलर के रूप में काम कर रहे थे गिरफ्तार किए गए आरोपी : डीजीपी गौरव यादव
Punjab Crime News (आज समाज), होशियारपुर : होशियारपुर पुलिस ने एक बड़े अंतर-राज्यीय/विदेशी संबंधों वाले नशा तस्करी और गैर-कानूनी हथियार तस्करी मॉड्यूल के चार गुर्गों को 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो .30 बोर के विदेशी पिस्तौलों सहित आठ मैगजीन और 40 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार करके इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
यह जानकारी डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मनजिंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी गांव पथरालियां (होशियारपुर), शिवम भंडारी निवासी धीना (जालंधर), साहिल मसीह उर्फ मोनू निवासी गांव पखोके टाहली (गुरदासपुर) और रमेल रौजर निवासी गढ़शंकर (होशियारपुर) के रूप में हुई है।
यह बोले पंजाब डीजीपी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी विदेशी गैंगस्टरों से सीधे संपर्क में थे और उनके स्थानीय हैंडलर के रूप में काम करते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी तथा गैर-कानूनी हथियारों की सप्लाई करते थे। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए और जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खात्मा किया जा सके।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
आॅपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट (एसएसपी) होशियारपुर संदीप कुमार मलिक ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने गढ़शंकर क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की और शक के आधार पर एक आई-20 कार को रोका तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में तलाशी के दौरान उनकी गाड़ी से हेरोइन और हथियारों की खेप भी बरामद की गई।
एसएसपी ने आगे कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक साहिल मसीह, आदतन अपराधी है और जिला बटाला में पुलिस पार्टी पर गोलीबारी करने के मामले में भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : अमृतसर में छह पिस्तौल समेत तीन गिरफ्तार


