कहा, मिशन रोजगार के तहत युवाओं को बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के 63,943 सरकारी नौकरियां दीं
Punjab CM News (आज समाज), साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि जब से उन्होंने प्रदेश की बागडोर संभाली है तब से लेकर अब तक 63,943 युवाओं को बिना रिश्वत या सिफारिश के सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। आने वाले दिनों में भी मिशन रोजगार के तहत युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
नएं भर्ती हुए नवयुवकों को नियुक्ति पत्र बांटते हुए विकास भवन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों से सत्ता में बैठे लोगों के रिश्तेदारों और चहेतों ने राज्य के लड़के-लड़कियों की योग्यता को दरकिनार किया, जिससे हजारों होनहार युवाओं के सपने तबाह हो गए। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब के युवाओं के अधिकार सत्ताधारी लोगों के चहेतों द्वारा छीन लिए जाते थे। शहीद-ए-आजम भगत सिंह जैसे महान शहीदों को यह देखकर बहुत दुख होता कि आजादी के 70 वर्षों से अधिक समय बाद भी उनके सपने पूरे नहीं हुए। यह हम सभी के लिए शर्म की बात है।
राष्टÑीय नायकों के सपने साकार कर रहे
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि पद संभालने के बाद से उनकी सरकार देश के महान राष्ट्रीय नायकों के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जहाँ पिछली सरकारों ने शिक्षा और नौकरियों के पैसे लूटे, वहीं उनकी सरकार ने युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के दरवाजे खोले। पिछले चार वर्षों में 63,943 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
नव-नियुक्त उम्मीदवारों के लिए इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन युवाओं के लिए स्वर्णिम दिन है, जिन्होंने विभिन्न विभागों में नौकरियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पूरी पारदर्शिता से 63,000 से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान करने का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस सब के विपरीत केंद्र सरकार ऐसी शर्तों वाली योजनाएं पेश कर रही है, जो आम आदमी के लिए अधिक अनुकूल नहीं हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पिछली सरकारों ने बच्चों के वजीफा तक में घोटाले किए : मान


