पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए प्रदेश पुलिस का विशेष अभियान जारी, दिनभर 285 जगह की छापेमारी
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य से नशों के खात्मे के लिए शुरू की गई नशों के खिलाफ मुहिम युद्ध नशों विरुद्ध को लगातार 299वें दिन भी जारी रखते हुए, पंजाब पुलिस ने आज 285 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान पूरे राज्य में 87 एफआईआर दर्ज कर 115 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 299 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 41,775 हो गई है। इस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 268 ग्राम हेरोइन, 1,860 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 6,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
सब कमेटी कर रही अभियान की निगरानी
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा-मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ इस मुहिम की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन भी किया है। इस अभियान के दौरान 61 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 800 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 100 से अधिक पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में 285 स्थानों पर छापेमारी की। दिनभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 276 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
जनता से अभियान में सहयोग की अपील
राज्य सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति — प्रवर्तन (इन्फोर्समेंट), नशा मुक्ति (डी-एडिक्शन) और रोकथाम (प्रिवेंशन) — (ई डी पी) लागू की गई है। इसी रणनीति के अंतर्गत पंजाब पुलिस ने आज ह्यडी-एडिक्शनह्ण घटक के तहत 30 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है। इसके साथ ही प्रदेश पुलिस ने आम लोगों से इस अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि यदि किसी भी व्यक्ति को कोई संदिग्ध दिखाई दे या फिर उसकी हरकतें संदिग्ध दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और नशा तस्करों को काबू किया जा सके।


