नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने प्रदेश भर में की छापेमारी
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब को पूरी तरह से नशा मुक्त करने के लिए प्रदेश पुलिस का विशेष अभियान जारी है। इसी अभियान युद्ध नशे विरुद्ध के तहत प्रदेश पुलिस ने राज्य भर में छापामारी करते हुए 70 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 4.9 किलोग्राम हेरोइन, 224 नशीली गोलियां तथा 4200 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही केवल 485 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की संख्या 70,595 तक पहुंच गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 10 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया है।
गैंगस्टर से संंबंधित 574 ठिकानों पर की छापेमारी
राज्य में चल रहे निर्णायक अभियान गैंगस्टरों ते वार के 160वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के साथियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 574 ठिकानों पर छापेमारी की। उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरों ते वार— पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक जंग है, जिसकी शुरूआत 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।
393 व्यक्तियों को किया गिरफ्तार
पुलिस टीमों ने 160वें दिन दो हथियारों सहित 393 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरूआत के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 41,778 हो गई। इसके अलावा, 160 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 4 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गोपनीय रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में रिपोर्ट कर सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचना भी दे सकते हैं।
ये भी पढ़ें : Russia-Ukraine War News : रूसी सेना ने यूक्रेन पर किया मिसाइल और ड्रोन हमला


