Punjab Crime News : अमृतसर में बीएसएफ ने पाकिस्तानी घुसपैठिया पकड़ा

0
299
Punjab Crime News : अमृतसर में बीएसएफ ने पाकिस्तानी घुसपैठिया पकड़ा
Punjab Crime News : अमृतसर में बीएसएफ ने पाकिस्तानी घुसपैठिया पकड़ा

पकड़े गए घुसपैठिये से आठ हजार पाकिस्तानी करेंसी, एक मोबाइल व तीन सिम बरामद, पूछताछ में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

Punjab Crime News (आज समाज), अमृतसर : पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तानी सीमा से लगती सरहद से घुसपैठ की कोशिशें लगातार जारी हैं। रविवार को जहां 10 किलो हेरोइन के साथ पाकिस्तानी नागरिक को बीएसएफ ने भारतीय सीमा में गिरफ्तार किया था वहीं अब एक अन्य पाकिस्तानी घुसपैठिये को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उस समय गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जब वह अंधेरे का फायदा उठाकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।

इस जगह पर की गई गिरफ्तारी

यह गिरफ्तारी बॉर्डर पर बीपीओ राजाताल के पास की गई है। आरोपी को पकड़ने के बाद उसे थाना घरिंडा की पुलिस के हवाले किया गया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान पाकिस्तान स्थित जिला शेखूपुरा के मुरीदके निवासी मोहम्मद अशफाक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पाकिस्तान करंसी के आठ हजार रुपये, मोबाइल और तीन सिम बरामद किए गए हैं।

बीएसएफ की 181 कंपनी के कमांडेंट राकेश नेगी ने पुलिस को बताया कि उनके जवान राजाताल बीओपी के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान कंटीली तार के पास एक व्यक्ति को आते देखा। जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। जब उसकी पहचान पूछी गई तो उसने अपनी पहचन पाकिस्तानी नागरिक के रूप में बताई है।

तरनतारन में 50 करोड़ की हेरोइन सहित पकड़ा घुसपैठिया

पंजाब के सरहदी एरिया तरनतारन से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने खेमकरण सेक्टर से 10 किलो हेरोइन के साथ पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया था। बीएसएफ और एनसीबी की टीमें को इनपुट मिले हैं कि पाकिस्तानी तस्कर के गिरफ्तार होने के बाद इस इलाके में विस्फोटक और हथियार भी छिपे हो सकते हैं।

पकड़े गए आरोपी की पहचान पाकिस्तान के जिला कसूर स्थित चट्टिया गांव निवासी अबू बक्कर के रूप में बताई है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल और कुछ पाकिस्तानी करंसी भी बरामद हुई है। आरोपी के कब्जे से मिले मोबाइल ने कई संदिग्धों के नंबर भी मिले हैं। कुछ नंबर डिलीट भी हैं। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। मोबाइल फोन से आरोपी के कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

 

  • TAGS
  • [post_tags]