कहा, ‘बेअदबी पार्टी’ ने पंजाब को ‘चिट्टे वाला पंजाब’ बनाया, आप सरकार ‘स्वस्थ पंजाब’ का सृजन कर रही
Punjab CM News (आज समाज), फरीदकोट : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से प्रदेश की परंपरागत पार्टी शिअद और बादल परिवार पर जमकर निशाना साधा है। फरीदकोट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि पंजाब को इन पारंपरिक दलों ने दशकों तक गुमराह किया और प्रदेश के खजाने को खूब लूटा। मान ने कहा कि इन लोगों ने बारी-बारी से प्रदेश की सत्ता संभाली और अपने स्वार्थ पूरे किए।
मान ने कहा कि अकाली नेतृत्व ने बार-बार प्रदेश के हितों से समझौता किया, तीन काले कृषि कानूनों का समर्थन किया, राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का दुरुपयोग किया और पंजाब में नशे के कलंक को पनपने दिया। मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने जहां पंजाब को नशे, बेरोजगारी और पतन की ओर धकेला, वहीं ‘आप’ सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पारदर्शी सरकारी भर्ती, शिक्षा में ऐतिहासिक सुधार, सभी के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं और महिलाओं के हित वाली कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की तस्वीर बदल रही है।
समृद्ध पंजाब के निर्माण में हम प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब और इसके लोगों के साथ विश्वासघात करने वालों का हर करतूत जनता के सामने लाया जाएगा, जबकि मौजूदा सरकार एक स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध पंजाब के निर्माण की दिशा में पूरी तरह से केंद्रित है। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, जिनके साथ पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां भी मौजूद थे, ने कहा कि बादल परिवार ने प्रदेश पर लंबे समय तक शासन किया है और हमेशा प्रदेश को कमजोर करने की साजिशें रची हैं।
उन्होंने कहा, “बादलों का एकमात्र एजेंडा प्रदेश और इसके लोगों के हितों से समझौता करके अपने निजी हितों को सुरक्षित करना रहा है। ये ऐसे अवसरवादी नेता हैं, जो अपने निजी और राजनीतिक हितों के अनुसार गिरगिट की तरह रंग और रुख बदलते हैं।
बादल परिवार ने धर्म का दुरुपयोग किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने अकालियों को चुना था लेकिन वे गद्दार साबित हुए और उन्होंने हमेशा प्रदेश और इसके लोगों की पीठ में छुरा घोंपा। भगवंत सिंह मान ने कहा, “जब पूरी किसानी अपने अधिकारों के लिए लड़ रही थी, तब अकालियों ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में अपनी कुर्सियां बचाने के लिए मोदी सरकार के काले कृषि कानूनों का समर्थन किया था। अकालियों ने अपने राजनीतिक हितों के लिए धर्म का दुरुपयोग किया और लोग इसके लिए उन्हें कभी माफ नहीं कर सकते।
ये भी पढ़ें : Punjab Weather Update : पंजाब में इस सप्ताह दस्तक दे सकता है मानसून


