
राम मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट एसआईटी ने सौंपी, कमेटी के 25 से 30 सदस्य पूरे गबन में रहे शामिल
Shri Ram Mandir Offering Theft Case (आज समाज), लखनऊ : पिछले दिनों सामने आए श्री राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की प्रारंभिक रिपोर्ट जो एसआईटी ने आज सुबह अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद को सौंपी है उसमें हैरानीजनक खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह गबन जितना सोचा जा रहा है उससे कहीं ज्यादा बढ़ा है। इसके साथ ही इसमें 25 से 30 लोगों की अहम भूमिका है। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आए हैं उनके अनुसार पिछले साल हुए महाकुंभ और इस साल माघ मेले में ही करोड़ों रुपए का गबन किया गया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इन दोनों आयोजनों के दौरान करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए भी पहुंचे, तो चढ़ावे की राशि में बेशुमार बढ़ोतरी हुई। कथित गबन करने वालों के लिए यह समय बहुत सुनहरा साबित हुआ और गिनती करने वाले लोगों ने इसका फायदा उठाते हुए एक-एक दिन में 10 से 15 लाख रुपए तक गबन किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि राम मंदिर से दान राशि का इतना बड़ा गबन किसी एक व्यक्ति का काम नहीं था, बल्कि यह नियुक्तियों में भाई-भतीजावाद, सुरक्षा में भारी चूक और गिनती की प्रक्रिया में मौजूद खामियों का फायदा उठाकर किया गया एक सुनियोजित खेल था।
चढ़ावा चोरी से कमीशनखोरी तक का खेल
राम मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट एसआईटी ने मंगलवार सुबह अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद को सौंप दी है। रिपोर्ट में चढ़ावा चोरी से लेकर कमीशनखोरी के खेल के सुबूत हैं। मंदिर में कर्मचारियों की नियुक्ति, गणना प्रक्रिया में भी बड़े हेरफेर की आशंका एसआईटी ने जताई है। उससे संबंधित तमाम साक्ष्य जुटाए हैं। गवाहों का भी जिक्र रिपोर्ट में किया गया है।
एसआईटी में शामिल लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, लखनऊ आईजी रेंज किरन एस और विशेष सचिव वित्त नील रतन सुबह करीब 11 बजे शासन पहुंचे। तीनों अधिकारियों ने गोपनीय जांच रिपोर्ट संजय प्रसाद को दी। अब ये रिपोर्ट मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, चढ़ावा चोरी में सीधे तौर पर 25-30 लोगों की भूमिका पाई गई है। अब इन सभी पर जल्द केस दर्ज हो सकता है। वहीं अनिल मिश्रा पर 40 प्रतिशत कमीशन लेने के आरोपों का भी जिक्र एसआईटी ने किया है।
ट्रस्ट की तीन पदाधिकारियों ने सबसे बड़ी भूमिका
सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर सबसे बड़ा सवाल उठाया गया है। कुछ की भूमिका भी उजागर की गई है। अंदेशा जताया गया है कि वह हेरफेर में शामिल रहे हैं। वहीं कुछ पदाधिकारियों को लापरवाही का दोषी पाया गया। जिनकी निगरानी में चढ़ावा चोरी हुआ। फिलहाल मामले में सबसे अधिक जो पदाधिकारी सवालों के घेरे में हैं, उनमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, अनिल मिश्रा व निर्माण सहायक गोपाल राव का नाम शामिल है।
ये भी पढ़ें : Lucknow Fire Incident Update : लखनऊ अग्निकांड जांच के लिए सीएम ने एसआईटी की गठित

