AAP Takes Action Against Punjab MLA: पंजाब में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने मौर विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना के खिलाफ कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता का हवाला देते हुए प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पार्टी की कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब मैसरखाना ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो जारी कर अपने विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया था। AAP के आदेश में विधायक पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता का आरोप लगाया गया है।
उठाया शिक्षकों की कमी का मुद्दा
मैसरखाना ने शनिवार को करीब 14 मिनट का फेसबुक लाइव वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर इसके असर को लेकर चिंता जताई। विधायक ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को कई बार पार्टी हाईकमान, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूर्व दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सामने उठाया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। वीडियो में मैसरखाना भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि वह स्कूलों के खिलाफ नहीं, बल्कि स्कूलों के लिए आवाज उठा रहे हैं और विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़े मुद्दे को उठाते रहेंगे। 1
बच्चों की पढ़ाई का किया जिक्र
मैसरखाना ने अपने वीडियो में अपने बच्चों की पढ़ाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब वह बच्चों से स्कूल में पढ़ाई के बारे में पूछते हैं तो शिक्षकों की कमी की बात सामने आती है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में खाली पदों को भरने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की मांग की। विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल को अपग्रेड किए जाने का मुद्दा भी उठाया था।
AAP ने इस मामले पर क्या कहा?
AAP की कार्रवाई में पार्टी ने मैसरखाना पर पार्टी विरोधी गतिविधियां और अनुशासनहीनता का आरोप लगाया। पार्टी के मुताबिक उनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित की गई है। पार्टी की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि विधायक ने झूठी अफवाहें फैलाईं और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया। पार्टी की ओर से जिस स्कूल का संदर्भ दिया गया, वहां 25 शिक्षक होने का दावा भी रिपोर्ट में सामने आया है।


