69वीं नेशनल स्कूल खेलों की मेजबानी से पंजाब राष्ट्रीय स्तर पर स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर रहा
Punjab News Update (आज समाज), लुधियाना : पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार खेल आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है जिसके तहत विभिन्न गांवों एवं शहरों में 3100 खेल मैदानों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, अर्थात आने वाले समय में पंजाब के हर गांव में खेल स्टेडियम होगा।
प्रदेश को खेलों में अग्रणी बनाने के लिए, उन्होंने आगे बताया कि खेल नर्सरियों में बड़े स्तर पर बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी तथा अन्य विभिन्न खेलों के लिए कोचों की भर्ती की जा रही है तथा खिलाड़ियों की डाइट में भी वृद्धि की गई है।
पंजाब को नेशनल स्कूल गेम्स की मेजबानी मिली
पंजाब के साथ लुधियाना शहर के लिए भी यह बड़ी गौरव की बात है जहां 69वीं नेशनल खेलों के आयोजन का अवसर मिला है जिसमें पूरे पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, नॉर्थ ईस्ट से 1000 से अधिक खिलाड़ी तथा 350 से अधिक कोच पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि ठंड होने के बावजूद प्रशासन द्वारा पहले से ही पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं जिनमें खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन, सुरक्षा के लिए पीसीआर टीमें तैनात करना, खेल मैदानों में सीसीटीवी कैमरे लगाना आदि शामिल हैं।
पंजाब की नई खेल नीति लाभदायक
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा खेल नीति बनाई गई है जिसमें पहली बार ऐसा हुआ है कि जब किसी खिलाड़ी का एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड चैंपियनशिप तथा ओलंपिक के लिए चयन होता है तो पंजाब सरकार चयनित खिलाड़ियों को एडवांस पेमेंट करेगी ताकि खिलाड़ी अपनी सुविधा अनुसार खुलकर तैयारी कर सके जबकि अन्य प्रदेशों में खिलाड़ियों को मेडल लाने के बाद ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि इस खेल नीति को लागू करने के बाद पंजाब में मेडलों की संख्या में इजाफा हुआ है।
देश का प्रतिनिधित्व कर रहे पंजाब के खिलाड़ी
शिक्षा मंत्री बैंस ने कहा कि पंजाब के लिए यह बहुत बड़ा गौरव है कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम, भारतीय महिला क्रिकेट टीम, भारतीय हॉकी टीम पंजाबियों की कप्तानी के अधीन शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। भारत की हॉकी टीम में पंजाबियों की बहुसंख्या यह संकेत दे रही है कि हमारा पंजाब प्रदेश खेलों के क्षेत्र में अपनी पुरानी पहचान बहाल करने की ओर बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : बठिंडा में टारगेट किलिंग की फिराक में चार आरोपी काबू


