Punjab News : पंजाब से 15 बसें श्रद्धालुओं को लेकर श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन रवाना

0
126
Punjab News : पंजाब से 15 बसें श्रद्धालुओं को लेकर श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन रवाना
Punjab News : पंजाब से 15 बसें श्रद्धालुओं को लेकर श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन रवाना

पहले चरण में अब तक 4 लाख तीर्थ यात्रियों ने श्री अमृतसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब-नैना देवी के दर्शन किए : मान

Punjab News (आज समाज), होशियारपुर : पंजाब से सैकड़ों श्रद्धालु श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा जी-वृंदावन धाम जैसे पवित्र स्थानों की यात्रा कर रहे हैं। इन स्थानों के लिए श्रद्धालुओं को ले जाने वाली 15 बसों को ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिन्होंने बसों के अंदर जाकर प्रबंधों का जायजा भी लिया और श्रद्धालुओं से बातचीत की।

इस योजना के तहत 50 साल और उससे अधिक उम्र के श्रद्धालु यात्रा कर सकते हैं, जिसमें एक परिवार के अधिकतम दो सदस्य यात्रा करने के योग्य हैं, जबकि सरकार द्वारा एसी स्लीपर बस यात्रा, रहने और खाने-पीने का प्रबंध फ्री किया जा रहा है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के पहले चरण में अब तक 4 लाख श्रद्धालु श्री अमृतसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब-नैना देवी पर नतमस्तक हो चुके हैं।

अरविंद केजरीवाल ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

श्रद्धालुओं की यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं सभी को बधाई देता हूं और सुखद यात्रा के लिए प्रार्थना करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि श्रद्धालु ऐसी आशीषें लेकर लौटें जिससे पंजाब समृद्ध हो, पंजाब के लोग खुश रहें, और पंजाब में खुशी और शांति हो। मैं सभी की खुशी, अच्छी सेहत और एक सफल यात्रा की कामना करता हूं।

धार्मिक स्थल हमेशा भाईचारे और इंसानियत का संदेश देते हैं

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बसों को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इस पवित्र अवसर पर मैं होशियारपुर, पठानकोट, मुकेरियां और आस-पास के इलाकों से आए सभी लोगों को दिल से बधाई देता हूं, जो खाटू श्याम, सालासर, वृंदावन, मथुरा, ऋषिकेश तथा अन्य स्थानों के दर्शनों के लिए जा रहे हैं। इससे पहले भी दरबार साहिब, राम तीर्थ, अमृतसर साहिब, वाघा बॉर्डर और फतेहगढ़ साहिब जैसे धार्मिक स्थानों के लिए तीर्थ यात्रा बसें चल रही हैं। सभी धर्मों के धार्मिक स्थान इंसानियत और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं।

पांच जिलों की संगत हुई रवाना

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पांच जिलों होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर के श्रद्धालुओं को लेकर कुल 15 बसें होशियारपुर से विभिन्न धार्मिक स्थानों के लिए रवाना हुई हैं। होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर और कपूरथला से 10 बसें ऋषिकेश-हरिद्वार जाएंगी। इसी तरह फगवाड़ा और गुरदासपुर से 2 बसें श्रद्धालुओं को मथुरा-वृंदावन लेकर जाएंगी जबकि जालंधर और गुरदासपुर से 3 बसें श्रद्धालुओं को श्री खाटू श्याम-सालासर लेकर जाएंगी।

  • TAGS
  • [post_tags]