Punjab News: पंजाब में एनसीबी की बड़ी कार्रवाई, पिस्टल और हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

0
107

Punjab News: पंजाब के फाजिल्का से नशे के तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने नशीली पदार्थों की तस्करी करने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 1.538 किलो हेरोइन, एक ग्लॉक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं।

तीन तस्कर हुए गिरफ्तार

खुफिया सूचना के आधार पर एनसीबी की चंडीगढ़ टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई फाजिल्का जिले के बनवाला स्थित छाबड़ा रिसॉर्ट के पास की गई। पकड़े गए लोगों की पहचान फिरोजपुर कैंट के लालकुर्ती निवासी 20 वर्षीय जसविंदर सिंह, तरनतारन जिले के नौशहर पन्नुआं निवासी पवनदीप सिंह और फिरोजपुर कैंट निवासी एक नाबालिग के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में खेप के मुख्य हैंडलर की पहचान फिरोजपुर सेंट्रल जेल में बंद एक आरोपी के रूप में हुई है।

मुख्य हैंडलर जेल में बंद

एनसीबी ने इस मामले में 17 अक्तूबर, 2026 को अपराध संख्या 28/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धाराओं 8, 21, 29 और 60 में मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में खेप के मुख्य हैंडलर का पता चला है, जो फिलहाल फिरोजपुर सेंट्रल जेल में बंद है।

पुलिस को जानकारी देने की अपील

एनसीबी अब नशे की खेप के स्रोत, इसकी आपूर्ति और इसे पहुंचाए जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच का उद्देश्य इस नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाना है। ब्यूरो ने नशा तस्करी के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों से राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1933 पर सूचना देने की अपील की है।

  • TAGS
  • [post_tags]