Himachal News: मौत थी बस 2 कदम दूर, युवती के साहस और चुन्नी ने बचा दी युवक की जान

0
59
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक युवती की सूझबूझ और हिम्मत से एक युवक की जान बच गई। भारी बारिश की वजह से सड़क पर पानी की तेज धारा में फंसे युवक की जान युवती ने अपनी चुन्नी से बचाई।
प्रतीकात्मक तस्वीर

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक युवती की सूझबूझ और हिम्मत से एक युवक की जान बच गई। भारी बारिश की वजह से सड़क पर पानी की तेज धारा में फंसे युवक की जान युवती ने अपनी चुन्नी से बचाई। बहाव इतना तेज था कि बाइक सवार पानी की तेज धारा से चाहकर भी खुद को नहीं निकाल पा रहा था।

टैक्सी चालक ने बढ़ाया मदद का हाथ

भटियात के ककीरा-कमलाहड़ी मार्ग पर ककीरा से कमलाहड़ी की ओर जा रहा एक बाइक सवार तीखी ढलान के कारण सड़क पर तेज हुए पानी के बहाव की चपेट में आकर फंस गया। युवक ने खुद को पानी से निकालने से बहुत कोशिश की लेकिन नाकामयाब रहा। इसी बीच एक टैक्सी चालक अपने रिश्तेदारों के साथ कमलाहड़ी की ओर जा रहा था। उनकी नजर पानी के बीच फंसे बाइक सवार पर पड़ी और उन्होंने तत्काल मदद के लिए कदम बढ़ाया।

महिला ने अदम्य साहस दिखाया

टैक्सी चालक के साथ वाहन में मौजूद नवविवाहित महिला और उसकी ननद ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस दिखाया। तेज बारिश और उफनते पानी के बीच दोनों ने अपनी चुन्नी को सहारे का माध्यम बनाया। काफी मशक्कत के बाद बाइक सवार को पानी के बीच से निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। बाहर आने के बाद बाइक सवार ने उसकी जान बचाने वाले टैक्सी चालक, महिलाओं और अन्य लोगों का आभार जताया।

पेश की इंसानियत की मिसाल

इस तरह की घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि इंसानियत अभी भी जिंदा है। जिस समय तेज बारिश और पानी का बहाव लोगों के लिए खतरा बना हुआ था, उस समय नवविवाहिता और उसकी ननद ने अपनी चुन्नी को जिंदगी की डोर बनाकर अनजान बाइक सवार की जान बचाने में मदद की। दोनों महिलाओं के इस साहसिक कदम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।