Himachal News: विकास की ओर अग्रसर हिमाचल प्रदेश को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। इकोनॉमिक सर्वे 2024-25 के अनुसार, सोलन प्रति व्यक्ति GDP के मामले में देश का 5वां सबसे अमीर जिला बन गया है। इसकी प्रति व्यक्ति आय 8.10 लाख रुपये तक पहुंच गई है, जो हिमाचल प्रदेश की 2.83 लाख रुपये की औसत आय से लगभग तीन गुना ज्यादा है।
तेलंगाना का रंगारेड्डी जिला टॉप पर
तेलंगाना का रंगारेड्डी जिला 11.46 लाख रुपये के साथ रैंकिंग में सबसे ऊपर है, इसके बाद गुरुग्राम (9.05 लाख रुपये), बेंगलुरु अर्बन (8.93 लाख रुपये) और गौतम बुद्ध नगर (8.48 लाख रुपये) का स्थान है।
जिला प्रति व्यक्ति आय
तेलंगाना 11.46 लाख रुपये
गुरुग्राम 9.05 लाख रुपये
बेंगलुरु अर्बन 8.93 लाख रुपये
नोएडा 8.48 लाख रुपये
सोलन 8.10 लाख रुपये
क्या है प्रति व्यक्ति GDP?
प्रति व्यक्ति GDP, किसी जिले में पैदा होने वाले सामान और सेवाओं की सालाना कीमत को वहां की आबादी से भाग देकर निकाला जाता है। यह प्रति व्यक्ति औसत आर्थिक उत्पादन को दिखाता है।
फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री का बड़ा योगदान
सोलन के इस शानदार प्रदर्शन के पीछे मुख्य रूप से इसका औद्योगिक आधार है। राज्य का 90 प्रतिशत से ज्यादा उद्योग बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (BBN) औद्योगिक क्लस्टर में केंद्रित है। इस इलाके में एशिया का सबसे बड़ा फार्मास्युटिकल हब है, जहां लगभग 350 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं। देश में इस्तेमाल होने वाली हर तीसरी दवा लगभग BBN में ही बनती है।
सालाना 18 हजार करोड़ का निर्यात
इस क्लस्टर में लगभग 2,406 उद्योग हैं, जिनमें 2,165 सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) शामिल हैं। इनका सालाना टर्नओवर लगभग 1 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है। यहां से सालाना 18,000 करोड़ रुपये का निर्यात होता है। जिले के उद्योगों में लगभग तीन लाख लोगों को रोजगार मिला हुआ है।
सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट यूनियन
BBN में एशिया का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट यूनियन भी है, जिसके पास लगभग 10,000 वाहन और 3,100 कमर्शियल वाहन भी हैं। उद्योग राज्य के GST में लगभग 29 प्रतिशत का योगदान करते हैं और राज्य की कुल बिजली खपत का लगभग 45 प्रतिशत इस्तेमाल करते हैं।
केंद्र के प्रोत्साहन पैकेज का भी फायदा
पंजाब और हरियाणा के पास होने और केंद्र सरकार के 2002 के औद्योगिक प्रोत्साहन पैकेज ने BBN के तेजी से विस्तार में मदद की। इससे सोलन आर्थिक रूप से कांगड़ा, मंडी और शिमला जैसे बड़े जिलों से आगे निकल गया।


