Himachal Monsoon Update : हिमाचल में आफत बनकर बरस रहा मानसून, 250 सड़कें बाधित, बारिश, भूस्खलन से तबाही, 155 की मौत

0
140
Himachal Monsoon Update : हिमाचल में आफत बनकर बरस रहा मानसून, 250 सड़कें बाधित, बारिश, भूस्खलन से तबाही, 155 की मौत
Himachal Monsoon Update : हिमाचल में आफत बनकर बरस रहा मानसून, 250 सड़कें बाधित, बारिश, भूस्खलन से तबाही, 155 की मौत

आने वाले दिनों में नहीं है राहत के आसार, मंडी का सबसे बुरा हाल

Himachal Monsoon Update (आज समाज), शिमला। हिमाचल में हर बार की तरह इस बार भी मानसून सीजन पूरी तरह से तबाही मचा रहा है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और बादल फटने की घटनाएं स्थिति को और भी ज्यादा भयावह बना रही है। हर रोज बारिश के चलते दर्जनों सड़क मार्ग बाधित हो रहें हैं। स्टेट इमरजेंसी आॅपरेशन्स सेंटर (एसईओसी) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 259 सड़कें बंद हैं और 255 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर क्षेत्र काम नहीं कर रहे हैं। मानसून की स्थिति पर एसईओसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि सड़क बंद होने के मामले में मंडी सबसे अधिक प्रभावित जिला रहा, जहां 88 सड़कें बंद हैं। इसके बाद कुल्लू में 39 और शिमला में 13 सड़कें आवाजाही के लिए बंद हैं।

प्राकृतिक आपदा से 68 मौत, सड़क हादसों में 87

मानसून से जुड़ी कुल आपदा रिपोर्ट में मृतकों की कुल संख्या 155 बताई गई है। इसमें आपदा से जुड़ी 68 मौतें और सड़क दुर्घटनाओं में हुई 87 मौतें शामिल हैं। मंडी में आपदा से जुड़ी सबसे अधिक (14) मौतें हुईं। इसके बाद कांगड़ा में 11, चंबा और शिमला में नौ-नौ और कुल्लू में आठ मौतें हुईं। आपदा से जुड़ी 68 मौतें भूस्खलन, पेड़ और पत्थर गिरने, डूबने, अचानक बाढ़ आने और आग लगने जैसी घटनाओं के कारण हुईं। सड़क दुर्घटनाओं में 87 और लोगों की मौत हुई। चंबा में सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक 15 मौतें हुईं, इसके बाद कुल्लू और शिमला में 12-12 और कांगड़ा में 10 लोगों ने अपनी जान गंवाई।

प्रदेश को कई हजार करोड़ का आर्थिक नुकसान

सरकारी विभागों, खेती और निजी संपत्ति को हुए कुल अनुमानित नुकसान का आंकड़ा 83,526.19 लाख रुपये, यानी लगभग 8,352.62 करोड़ रुपये बताया गया है। कुल नुकसान में सबसे बड़ा हिस्सा लोक निर्माण विभाग का रहा, जिसे 61,585.43 लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि जल शक्ति विभाग को 19,986.05 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

मानसून से रिहायशी और कमर्शियल इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। कुल 213 घर पूरी तरह और 620 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए, जबकि 256 कच्ची-पक्की झोपड़ियां और 22 दुकानें प्रभावित हुईं। आपदा से जुड़ी घटनाओं में राज्य भर में 200 जानवरों की मौत हुई और 160 पशु-बाड़ों को नुकसान पहुंचा। प्रभावित इलाकों में बहाली का काम जारी है।

  • TAGS
  • [post_tags]