21 से 23 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट
Himachal Weather (आज समाज), शिमला : हिमाचल में कल से मौसम दोबारा बिगड़ने वाला है। ज्ञात रहे कि पिछले सप्ताह मानसून के प्रभाव के चलते प्रदेश में कई जगह बादल फटने की घटनाएं हुई। उसके बाद पिछले कुछ दिनों से प्रदेश वासियों को कुछ राहत मिली थी। लेकिन अब एक बार फिर से भारतीय मौसम विभाग ने जो जानकारी साझा की है उसने प्रदेशवासियों की धड़कनें जरूर बढ़ा दी हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। कल यानी 18 से 23 जुलाई के बीच राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस पूवार्नुमान को देखते हुए, विभिन्न दिनों के लिए येलो और आॅरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं। विशेषकर 21 से 23 जुलाई तक राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। जिससे भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़कें बंद होने का खतरा है।
अभी भी प्रदेश की 50 सड़कें बंद
प्रदेश में गुरुवार शाम तक 50 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं, जबकि चार बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, जिससे मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में उमस और गर्मी का प्रकोप देखा गया।
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अलर्ट
आईएमडी ब्रांच शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा बुलेटिन में कल यानी 18 जुलाई के लिए मंडी और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद चंबा, शिमला, मंडी और कांगड़ा जिलों में 19 जुलाई के लिए आॅरेंज अलर्ट है। 20 जुलाई को भी चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी और कांगड़ा जिलों में आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 21 से 23 जुलाई के दौरान मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना।
स्थानीय प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग द्वारा जताए गए अनुमान के बाद प्रदेश के सभी जिलों के स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी की गई सलाह का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें : PM Modi Punjab Visit : पीएम के दौरे से पहले जालंधर में हाई अलर्ट, रेल-सड़क मार्ग बाधित, जाने ट्रैफिक एडवाइजरी


