आज प्रदेश के 15 जिलों के लिए जारी किया गया अलर्ट, दक्षिण-पूर्व और उत्तरी हरियाणा के जिलों में बदलेगा मौसम
Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : हरियाणा में आज से एक बार फिर मौसम बदलने जा रहा है। हालांकि प्रदेश के मौसम में यह बदलाव लगातार देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिन जहां दक्षिण हरियाणा में अच्छी बारिश हुई वहीं उत्तरी हरियाणा में पूरी तरह से सूखा रहा। वहीं भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा में आज से लगातार तीन दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
आज के लिए प्रदेश के 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर दक्षिण-पूर्व और उत्तरी हरियाणा के जिलों में बारिश होने की संभावना है। अगले तीन दिन तक लगातार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ से भीषण गर्मी और लू से भी राहत मिली है। प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
आज इन जिलों में खराब रहेगा मौसम
आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में धूलभरी आंधी और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 23 जून तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई और हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है।
22 व 23 को एक और विक्षोभ आएगा
इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 व 23 जून के दौरान भी राज्य में कहीं कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, मगर रात में तापमान में गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : G7 Summit : क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए भारत-अमेरिका अहम साझेदार : ट्रंप


