
Panchkula Ashiana Complex Fire: हरियाणा के पंचकूला से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पंचकूला के सेक्टर-28 स्थित आशियाना कॉम्प्लेक्स में शनिवार रात 65 वर्षीय शांति देवी की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला का पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि महिला ने पड़ोसियों के घर के बाहर से कुंडी लगाई और मीटर के पास पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान आग भड़क गई और महिला खुद उसकी चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रात करीब साढ़े 10 बजे हुई घटना
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की है। आशियाना कॉम्प्लेक्स में उस समय लोग अपने घरों में थे। इसी दौरान शांति देवी पड़ोसी परिवार के घर के बाहर पहुंचीं आरोप है कि महिला ने घर के बाहर से कुंडी लगा दी और इसके बाद घर के मीटर के पास पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि आग लगाते वक्त शांति देवी खुद आग की लपटों की चपेट में आ गईं। आग में गंभीर रूप से झुलसी शांति देवी को पहले सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घर के अंदर मौजूद परिवार सुरक्षित
घटना के समय पड़ोसी परिवार का एक सदस्य घर के अंदर मौजूद था। रिपोर्ट के मुताबिक परिवार के लोग सुरक्षित बच गए। आग लगने के बाद आसपास के लोगों को घटना का पता चला और उन्होंने तत्काल मदद के लिए पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने और आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पड़ोसी परिवार से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार शांति देवी का पड़ोस में रहने वाले परिवार के साथ विवाद चल रहा था। यही विवाद इस घटना की संभावित वजहों में से एक माना जा रहा है। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर था और यह कितने समय से चल रहा था, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस अब घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत की जांच कर रही है। चंडीमंदिर थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने बताया कि महिला की PGI में मौत हो गई है। पुलिस आसपास रहने वाले लोगों और महिला के बेटे के बयान दर्ज कर रही है। बयानों और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

