Palwal Robbery Case: हरियाणा के पलवल जिले में शराब का ठेका चलाने के बदले हर महीने 15 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और इनकार करने पर मारपीट कर लाखों रुपये लूटने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार अंधोप गांव में शराब ठेके से कैश लेने पहुंचे इंचार्ज और उसके सहयोगी को कुछ लोगों ने घेर लिया। आरोप है कि हथियारों के बल पर रंगदारी देने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया। इस दौरान पिस्टल के बट से सिर पर वार कर ₹3.53 लाख की नकदी लूटने का आरोप है।
मामले में बहीन थाना पुलिस ने 21 अक्टूबर की देर रात शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। शिकायत में रोहताश उर्फ कल्लू, महेश, कुलदीप और तीन अन्य लोगों को आरोपी बताया गया है। पुलिस को दी शिकायत में प्रवीण उर्फ बबलू ने बताया कि वह आरसी वाइन्स में इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। 21 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे वह अपने सहयोगी अनूप कुमार के साथ अंधोप शराब के ठेके से नकदी लेने पहुंचा था। इसी दौरान आरोपियों ने अपनी गाड़ी, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर उनके वाहन के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद उन्हें घेरकर हथियार दिखाए गए और कहा गया कि अगर अंधोप गांव में शराब का ठेका चलाना है, तो हर महीने 15 हजार रुपये देने होंगे। रंगदारी नहीं देने पर अवैध तरीके से शराब की सप्लाई करने की धमकी भी दी गई।
रंगदारी देने से इनकार पर मारपीट
प्रवीण के अनुसार जब उसने हर महीने रंगदारी देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसके और अनूप कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने के साथ पिस्टल के बट से सिर पर वार करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि हमले के दौरान आरोपियों ने ₹3,53,780 की नकदी लूट ली। हमले से घबराकर अनूप कुमार मौके से भाग गया, जबकि सिर पर चोट लगने के कारण प्रवीण बेहोश होकर गिर पड़ा। होश आने के बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की शिकायत मिलने के बाद बहीन थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायत में नामजद आरोपियों में रोहताश उर्फ कल्लू, महेश और कुलदीप के अलावा तीन अन्य लोग शामिल हैं। हरियाणा में शराब कारोबारियों से रंगदारी मांगने और धमकाने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हरियाणा के विभिन्न जिलों में शराब विक्रेताओं और कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी मांगने और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।


