कई अधिकारियों के विभागों में किया बदलाव
Haryana News, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में 24 आईएएस और एचसीएच अधिकारियों के तबादले और नई पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से 7 अगस्त 2026 को जारी इस आदेश में प्रशासन के कई महत्वपूर्ण विभागों में बदलाव किए गए हैं।
प्रमुख तबादले
जी. अनुपमा अतिरिक्त मुख्य सचिव, सामाजिक न्याय, अधिकारिता विभाग अब मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव भी बनाई गई हैं, जिससे राजीव रंजन को इस चार्ज से मुक्त किया गया है। सीजी राजिनी कांथन, वित्त विभाग की जिम्मेदारी के साथ अब चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की कमिश्नर व सचिव भी बनाई गई हैं, जिससे डॉ. सुमिता मिश्रा को राहत दी गई है।
खेतमालिस मकरंद पांडुरंग, अब सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग की कमिश्नर व सचिव और पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ बनाए गए हैं। इससे अमित कुमार अग्रवाल और सीजी राजिनी कांथन को इन चार्जों से मुक्त किया गया है।
करनाल मंडल की नई आयुक्त होगी हेमा शर्मा
दुष्मंता कुमार बेहरा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव से अब मानव संसाधन विभाग तथा सामान्य प्रशासन विभाग के कमिश्नर व सचिव बनाए गए हैं, जिससे फूल चंद मीणा को राहत दी गई है। राजीव रतन, करनाल मंडल आयुक्त से अब कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय कार्य विभाग के सचिव, विजिलेंस जांच अधिकारी और आपूर्ति एवं निपटान महानिदेशक बनाए गए हैं। हेमा शर्मा, अब करनाल मंडल की नई आयुक्त बनाई गई हैं।
प्रदीप दहिया गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त और गुरुग्राम के जिला नगर आयुक्त नियुक्ति
डॉ. आदित्य दहिया, अब सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक तथा हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम और हरियाणा पावर जनरेशन कॉपोर्रेशन के प्रबंध निदेशक बनाए गए हैं। यशेंद्र सिंह, अब फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त और फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ बनाए गए हैं।
धीरेंद्र खड़गटा, अब चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के निदेशक व राज्य परिवहन निदेशक बनाए गए हैं। प्रदीप दहिया अब गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त और गुरुग्राम के जिला नगर आयुक्त बनाए गए हैं। प्रतिमा चौधरी पशुपालन एवं डेयरी विभाग के साथ अब हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव और हरियाणा महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक भी बनाई गई हैं।
रेणु सोगन को भी मिली जिम्मेदारी
रेणु सोगन, जो पोस्टिंग के आदेश की प्रतीक्षा में थीं, अब लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की अतिरिक्त सचिव बनाई गई हैं। समवर्तक सिंह खंगवाल, अब मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ खान एवं भूविज्ञान विभाग के निदेशक व अतिरिक्त सचिव भी बनाए गए हैं। विवेक आर्य, अब कुरुक्षेत्र में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ और जिला परिषद-डीआरडीए पंचकूला के सीईओ बनाए गए हैं।
योगेश कुमार मेहता को हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के सचिव की दी जिम्मेदारी
अन्य तबादलों में योगेश कुमार मेहता को हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड का सचिव, विजेंद्र हुड्डा को चरखी दादरी में जिला परिषद व डीआरडीए का सीईओ, वीरेंद्र चौधरी को कुरुक्षेत्र में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी, पंकज कुमार को कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड का सीईओ, सचिन गुप्ता को अंबाला का उपायुक्त, सुरेश कुमार को चरखी दादरी का सिटी मजिस्ट्रेट, मोनिका को शिक्षा विभाग में संयुक्त निदेशक (प्रशासन एवं मिड-डे मील) और मनजीत कुमार को रोहतक में एस्टेट अफसर व भूमि अधिग्रहण अधिकारी बनाया गया है, जिससे शुभम को राहत दी गई है।


