Haryana Crime News: हरियाणा के कैथल में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पर सोनीपत में दर्ज फिरौती के एक मामले में 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी की पहचान भागल गांव निवासी राहुल उर्फ गोगी के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को पूछताछ के लिए 5 दिन का रिमांड मिला है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
डीएसपी बीरभान के अनुसार स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। टीम गांव शिमला के बस अड्डे के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को राहुल उर्फ गोगी के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना मिली थी कि आरोपी हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर आईटीआई कलायत के सामने अवैध हथियार लेकर खड़ा है। पुलिस को आशंका थी कि वह किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हो सकता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर हाईवे से भागने लगा
पुलिस के अनुसार टीम को देखते ही आरोपी वहां से भागने लगा। वह हाईवे से कलायत की तरफ जाने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस आरोपी को थाने ले गई और उसके खिलाफ थाना कलायत में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
सोनीपत के फिरौती मामले में था वांछित
पुलिस के मुताबिक राहुल उर्फ गोगी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। 2024 में सोनीपत जिले में दर्ज फिरौती के एक मामले में वह वांछित था। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया और वह इसे लेकर कलायत में क्यों मौजूद था। पुलिस के अनुसार राहुल उर्फ गोगी के खिलाफ कैथल, जींद के नरवाना और सोनीपत में करीब आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें जानलेवा हमला, फिरौती, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस पुराने मामलों की जानकारी भी जुटा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी से उसके साथियों और आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की जाएगी।
अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटा था आरोपी
पुलिस के अनुसार राहुल उर्फ गोगी कुछ समय पहले अमेरिका चला गया था। हाल ही में उसे अमेरिका से डिपोर्ट करके भारत वापस भेजा गया था। भारत लौटने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस अब उसके विदेश जाने, वहां रहने और भारत वापस आने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया और पूछताछ के लिए रिमांड मांगा। अदालत ने उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से बरामद कट्टे और कारतूस के बारे में पूछताछ करेगी।


