Haryana Weather Today 21 August 2026: मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार! हरियाणा में गरजेंगे बादल, तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट

0
144

Haryana Weather Today 21 August 2026: मानसून की कमजोर गतिविधियों से जूझ रहे हरियाणा के लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार, 21 अगस्त की रात से प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है. उत्तरी हरियाणा के ऊपर नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है.

23 अगस्त तक बारिश और तेज हवाओं का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून टर्फ की अक्षय रेखा अमृतसर, नजीबाबाद और फतेहगढ़ से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके प्रभाव से 21 अगस्त की रात से 23 अगस्त तक हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है.

इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है. बारिश के कारण दिन के तापमान में मामूली गिरावट, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.

24 अगस्त के बाद कमजोर पड़ेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, 24 अगस्त के बाद मानसून टर्फ हिमालय की तलहटी की ओर खिसक सकती है. इसके चलते हरियाणा में बारिश की गतिविधियां कम होने लगेंगी और मौसम मुख्य रूप से परिवर्तनशील बना रहेगा.

कुरुक्षेत्र में 99.5 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई. सबसे अधिक कुरुक्षेत्र में 99.5 मिमी और यमुनानगर में 66.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई. पंचकूला में 17.0 मिमी, गुरुग्राम में 11.0 मिमी, फरीदाबाद में 9.5 मिमी और कैथल में 3.0 मिमी बारिश हुई. हिसार 36.9°C तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि भिवानी और यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 24.5°C दर्ज किया गया.

हरियाणा में 17% बारिश की कमी

1 जून से 20 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य से 17% कम बारिश हुई है. सामान्य 307.6 मिमी के मुकाबले अब तक 254.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. भिवानी (+22%), कुरुक्षेत्र (+19%), पलवल (+17%), चरखी दादरी (+11%), फतेहाबाद (+3%) और रेवाड़ी (+3%) में सामान्य से अधिक बारिश हुई. वहीं जींद (-52%), अंबाला (-51%), कैथल (-49%), सिरसा (-47%), पंचकूला (-44%), रोहतक (-36%) और करनाल (-33%) में बारिश की भारी कमी रही.

  • TAGS
  • [post_tags]