Haryana Police Operation: 15 अगस्त से पहले हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 दिन में 903 अपराधी गिरफ्तार

0
220
Haryana Police Operation Trackdown, Haryana Police arrests 903 criminals, Independence Day security Haryana, Haryana crime crackdown August 2026, Haryana Police operation before 15 August, wanted criminals arrested in Haryana, हरियाणा पुलिस ऑपरेशन ट्रैकडाउन, हरियाणा में 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा, हरियाणा पुलिस न्यूज, हरियाणा न्यूज
15 अगस्त से पहले हरियाणा पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए बड़ा एक्शन लिया है। (सांकेतिक तस्वीर)

Haryana Police Action Against Criminals: स्वतंत्रता दिवस से पहले हरियाणा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हरियाणा पुलिस ने राज्यभर में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ चलाया। 1 से 3 अगस्त के बीच चले इस अभियान में पुलिस ने फरार, वांछित और आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 903 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद 15 अगस्त के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों पर शिकंजा कसना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

103 गंभीर मामलों में 139 आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा पुलिस ने बताया कि तीन दिन के इस अभियान के दौरान गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान 103 संगीन मामलों में 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 43 मामले आर्म्स एक्ट, 19 मामले हत्या के प्रयास, 16 हत्या के मामले, 7 लूट के मामले, 4 फिरौती के मामले, 6 स्नैचिंग के मामले, 3 डकैती के मामले, 3 अपहरण के मामले शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने अन्य मामलों में 767 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

हिस्ट्रीशीटरों पर पुलिस की कड़ी नजर

अभियान के दौरान पुलिस ने 13 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली। वहीं 81 हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड अपडेट किए गए ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। पुलिस का मानना है कि इससे भविष्य में ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावी होगी। इस अभियान में जिला पुलिस, स्पेशल टास्क फोर्स (STF), अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) और अन्य विशेष पुलिस इकाइयों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर फरार अपराधियों को पकड़ा, अवैध हथियार बरामद किए और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर भी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जरूरत पड़ने पर ऐसे विशेष अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।

हरियाणा के डीजीपी ने इस पर क्या कहा?

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और प्रदेश के लोगों को सुरक्षित माहौल देना है। उन्होंने कहा कि हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, अपहरण, स्नैचिंग और अवैध हथियार जैसे गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उनके आपराधिक नेटवर्क को भी खत्म किया जाए।

15 अगस्त तक रहेगी विशेष निगरानी

हरियाणा पुलिस ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक राज्यभर में विशेष निगरानी जारी रहेगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है और खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन पर दें, ताकि स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सकें।

  • TAGS
  • [post_tags]