King Release Date: तीन फिल्मों से मुकाबले के चलते क्या बदल जाएगी शाहरुख खान की ‘किंग’ की रिलीज डेट?

0
53
King Release Date: शाहरुख खान की 'किंग' को लेकर अभी भी लोगों के मन में उलझन है. 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने पहले हफ्ते में रिकॉर्ड कमाई की. अक्षय कुमार आर.डी. बर्मन की बायोपिक से जुड़ सकते हैं.

King Release Date: फिल्मी दुनिया में आज कई दिलचस्प अपडेट्स सामने आए हैं. एक तरफ शाहरुख खान की ‘किंग’ अपनी रिलीज डेट को लेकर चर्चा में है, तो दूसरी ओर ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ ने पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना दिया है. वहीं अक्षय कुमार के आर.डी. बर्मन की बायोपिक से जुड़ने की खबर भी सुर्खियों में है. इसके अलावा टाइगर श्रॉफ की नई फिल्म की कास्टिंग और हॉलीवुड से जुड़ी एक दुखद खबर भी चर्चा में रही.

HBO की मशहूर सीरीज ‘द सोप्रानोज’ के एक्टर विन्सेंट पैस्टर का शनिवार को निधन हो गया. अमेरिका में उनके घर पर पड़ोसियों ने उन्हें मृत पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. वो 80 साल के थे. विन्सेंट ने ‘द सोप्रानोज’ में सेल्वाटोर का यादगार किरदार निभाया था. इसके अलावा वो ‘गुडफेलाज’ और ‘कार्लिटोज वे’ जैसी चर्चित फिल्मों में भी नजर आए थे.

‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ ने पहले हफ्ते में बनाया बड़ा रिकॉर्ड

टॉम हॉलेंड की फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ ने रिलीज के पहले हफ्ते में दुनियाभर से 8,850 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. भारत में भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा और इसने 306.37 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. इसी के साथ ये पहले हफ्ते में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी हॉलीवुड फिल्म बन गई है. इससे पहले ये रिकॉर्ड ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ के नाम था.

नहीं बदलेगी ‘किंग’ की रिलीज डेट

शाहरुख खान की मचअवेटेड फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने वाली है. हालांकि इसके आसपास तीन बड़ी हॉलीवुड फिल्में भी सिनेमाघरों में आ रही हैं. 18 दिसंबर को ‘ड्यून 3’ और ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’, जबकि 25 दिसंबर को ‘जुमानजी: ओपन वर्ल्ड’ रिलीज होगी.

रिपोर्ट्स में कहा गया था कि इस क्लैश से बचने के लिए ‘किंग’ की रिलीज आगे बढ़ाई जा सकती है. लेकिन अब जानकारी सामने आई है कि मेकर्स रिलीज डेट बदलने के पक्ष में नहीं हैं. बताया जा रहा है कि अगर फिल्म दिसंबर से आगे खिसकती है, तो 2027 के मध्य तक कोई बड़ी रिलीज विंडो खाली नहीं मिलेगी. इसी वजह से शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद तय समय पर ही फिल्म लाने की तैयारी में हैं.

टाइगर श्रॉफ की नई एक्शन फिल्म में दिखेंगी पशमिना रोशन

कोरियोग्राफर और निर्देशक रैमो डिसूजा की अगली एक्शन फिल्म में टाइगर श्रॉफ के साथ पशमिना रोशन नजर आएंगी. पशमिना, एक्टर ऋतिक रोशन की चचेरी बहन हैं. फिल्म में नुसरत भरूचा भी अहम भूमिका निभाएंगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव भी फिल्म का हिस्सा होंगे. एल्विश के लिए ये बॉलीवुड डेब्यू फिल्म होगी.

निर्देशक नीरज पांडे दिग्गज संगीतकार आर.डी. बर्मन की जिंदगी पर फिल्म बना रहे हैं. इसमें फरहान अख्तर आर.डी. बर्मन का किरदार निभाएंगे. अब खबर है कि अक्षय कुमार भी इस फिल्म से जुड़ सकते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, वो फिल्म में एक अहम भूमिका निभाएंगे. फिल्म की शूटिंग सितंबर से शुरू होने की संभावना है.