Harry Boxer arrested: अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) से मिले इनपुट के आधार पर उसे कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया। उसका असली नाम हरिचंद जाट बताया गया है।
हो सकता है प्रत्यर्पण
अमेरिका में हिरासत में लिए जाने के बाद भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं। इस प्रक्रिया में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) समन्वय कर सकती है, क्योंकि भारत में वह इस तरह के मामलों के लिए नोडल एजेंसी है। फिलहाल, उसकी हिरासत से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
रह चुका है बॉक्सिंग कोच
सूत्रों के मुताबिक, हैरी बॉक्सर विदेश में रहकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रंगदारी नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था। वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र का रहने वाला है। जयपुर में बॉक्सिंग सीखने के कारण उसे ‘बॉक्सर’ नाम मिला। अपराध की दुनिया में आने से पहले वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम कर चुका है।
हत्या सहित कई मामले दर्ज
उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, फायरिंग और कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकाने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में सामने आए कई मामलों में उसका नाम जुड़ चुका है।
कपिल शर्मा के कैफे पर चलवाई गोली
हैरी बॉक्सर का नाम कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आया था। सूत्रों के अनुसार, उसने रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड हस्तियों को धमकियां दी गई थीं।
इन्क्रिप्टेड मैसेज से मिला सुराग
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण त्रिपाठी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चार आरोपी रंदीप मलिक गैंग से जुड़े थे और अनिल पंडित के निर्देशों पर एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, अनिल पंडित और हैरी बॉक्सर दोनों रंदीप मलिक गैंग का हिस्सा हैं।
कोलार में भी मांगी थी रंगदारी
इससे पहले अप्रैल में कर्नाटक के कोलार में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य की गिरफ्तारी के दौरान हरियाणा एसटीएफ ने रंगदारी की मांग और धमकी भरे वीडियो के मामले में भी हैरी बॉक्सर का लिंक सामने आने की जानकारी दी थी। जांच में पता चला था कि उत्तर प्रदेश के निर्मल तिवारी ने धमकी वाला वीडियो बनाया था। पूछताछ के बाद आनंद मिश्रा और राजस्थान के जयप्रकाश दारा को भी गिरफ्तार किया गया था।


