Rajasthan News: भरतपुर में खूनी खेल, पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या, खनन को लेकर था विवाद

0
71

Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। बयाना विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या कर दी गई है। क्रशर प्लांट पर स्थानीय लोगों के साथ उनका विवाद हो गया। इस विवाद ने इतना हिंसक इतना हिंसक रुख ले लिया कि पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गई। इस घटना में उनका गनर गगन शर्मा भी घायल हो गया। अतर सिंह भड़ाना लाहौल-स्पीति जिले की उपायुक्त किरण भड़ाना के पिता थे।

क्रशर प्लांट पर विवाद के बाद हिंसा

जानकारी के मुताबिक, भरतपुर जिले के भोंडा गांव में क्रशर प्लांट से जुड़े विवाद के दौरान यह घटना हुई। बताया गया है कि अतर सिंह भड़ाना रविवार शाम प्लांट पर पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

खनन को लेकर था विवाद

जानकारी के मुताबिक, क्रशर प्लांट के संचालन और खनन गतिविधियों को लेकर प्लांट पक्ष तथा स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद की पूरी वजह, घटना में शामिल लोगों की भूमिका और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

कौन थे अतर सिंह भड़ाना?

अतर सिंह भड़ाना राजस्थान की बयाना विधानसभा सीट से वर्ष 2003 में विधायक चुने गए थे। उनकी बेटी किरण भड़ाना हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में उपायुक्त के पद पर तैनात हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इस मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हत्या के पीछे की परिस्थितियों और विवाद के घटनाक्रम को स्पष्ट करने के लिए जांच के निष्कर्ष अहम होंगे।

  • TAGS
  • [post_tags]