नई दिल्ली. दिल्ली में रहने वाले माता पिता जिनके बच्चे छोटे हैं और अब तक प्ले स्कूल या घर पर पढ़ते हैं, उनके लिए खास खबर है. निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी, लोअर केजी और अपर केजी में दाखिले की तैयारियां शुरू हो गई हैं. शिक्षा निदेशालय (DoE) ने दाखिले से जुड़ी गाइडलाइंस जारी कर दी हैं. बच्चों का एडमिशन अच्छे स्कूल में कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों को इसे ध्यान से देखना चाहिए. इसके तहत स्कूलों को 26 नवंबर 2026 तक अपने दाखिला मानदंड और उनके लिए निर्धारित अंक वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे. आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होगी.
इस बार भी स्कूलों में दाखिले के लिए घर से स्कूल की दूरी अहम भूमिका निभाएगी. कई स्कूल नेबरहुड यानी पड़ोस के आधार पर 100 में से 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी कर रहे हैं. इसके अलावा स्कूल में पहले से पढ़ रहे भाई-बहन और पूर्व छात्रों के बच्चों को भी एक्स्ट्रा नंबर मिलेंगे. ऐसे में अभिभावकों के लिए दाखिले के नियम, उम्र की सीमा और चयन प्रक्रिया को समझना जरूरी है.
नर्सरी एडमिशन के लिए कब करें आवेदन?
दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी (बाल वाटिका-1), लोअर केजी (बाल वाटिका-2), अपर केजी (बाल वाटिका-3) और पहली कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी. अभिभावक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे. इससे पहले सभी स्कूलों को 26 नवंबर तक अपने दाखिला मानदंड और पॉइंट सिस्टम शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा. इन मानदंडों के आधार पर ही बच्चों को दाखिले के लिए अंक दिए जाएंगे.
किन बच्चों को मिलेंगे सबसे ज्यादा एडमिशन पॉइंट्स?
नर्सरी एडमिशन में घर से स्कूल की दूरी सबसे अहम मानदंडों में शामिल है. कई निजी स्कूलों ने नेबरहुड कैटेगरी के तहत 30 से 70 अंक तक निर्धारित करने की तैयारी की है. इसके अलावा स्कूल में पहले से पढ़ रहे भाई-बहन (सिबलिंग) और पूर्व छात्रों (एल्युमिनी) के बच्चों को भी अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे. अलग-अलग स्कूलों का पॉइंट सिस्टम अलग हो सकता है.
विद्या बाल भवन स्कूल का 100 अंकों वाला दाखिला फॉर्मूला
मयूर विहार स्थित विद्या बाल भवन स्कूल ने दाखिले के लिए 100 अंकों का फॉर्मूला तैयार किया है. इसमें घर से स्कूल की दूरी को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया है.
स्कूल के निर्धारित मानदंड इस प्रकार हैं:
- 0 से 1 किलोमीटर: 70 अंक
- 1 से 8 किलोमीटर: 60 अंक
- 8 किलोमीटर से अधिक: 50 अंक
- सिबलिंग (भाई-बहन): 20 अंक
- एल्युमिनी (पूर्व छात्र): 10 अंक
उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के कई अन्य स्कूल भी नेबरहुड कैटेगरी को 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी में हैं. ऐसे में स्कूल के आसपास रहने वाले बच्चों को दाखिले में फायदा मिल सकता है. यदि किसी श्रेणी में उपलब्ध सीटों से अधिक आवेदन आते हैं. आवेदकों के अंक समान होते हैं, तो स्कूल लॉटरी के जरिए चयन कर सकते हैं.
नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के लिए कितनी होनी चाहिए उम्र?
दिल्ली के निजी स्कूलों में दाखिले के लिए बच्चों की उम्र की सीमा भी निर्धारित की गई है. कक्षा के अनुसार आयु का नियम इस प्रकार है:
| कक्षा | निर्धारित आयु सीमा |
|---|---|
| नर्सरी (बाल वाटिका-1) | 3 से 4 साल |
| लोअर केजी (बाल वाटिका-2) | 4 से 5 साल |
| अपर केजी (बाल वाटिका-3) | 5 से 6 साल |
यदि किसी बच्चे की उम्र निर्धारित सीमा से एक महीने कम या ज्यादा है, तो स्कूल के प्रिंसिपल को अधिकतम एक महीने की छूट देने का अधिकार होगा. इसके लिए अभिभावकों को स्कूल में लिखित आवेदन देना होगा.
नर्सरी एडमिशन 2027-28: महत्वपूर्ण तारीखें
दाखिले की पूरी प्रक्रिया के लिए शिक्षा निदेशालय ने अलग-अलग तारीखें निर्धारित की हैं. अभिभावक इस शेड्यूल को ध्यान में रख सकते हैं.
| दाखिले की प्रक्रिया | तारीख |
|---|---|
| स्कूलों द्वारा दाखिला मानदंड अपलोड करने की अंतिम तारीख | 26 नवंबर 2026 |
| आवेदन प्रक्रिया शुरू | 1 दिसंबर 2026 |
| आवेदकों के नाम और अंक जारी | 4 जनवरी 2027 |
| अंकों पर आपत्ति दर्ज कराने की अवधि | 5 से 11 जनवरी 2027 |
| अंतिम अंक सूची जारी | 12 जनवरी 2027 |
| पहली चयन सूची जारी | 20 जनवरी 2027 |
| दूसरी चयन सूची जारी | 5 फरवरी 2027 |


