विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर शिकंजा, गोदारा, भाऊ जैसे गैंगस्टर पर 9-9 लाख रुपये का इनाम

0
70
STF विदेश में बैठकर हरियाणा और देश के अन्य राज्यों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलाने वाले गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ा कदम उठाया है।

Haryana stf proposes bounty: STF विदेश में बैठकर हरियाणा और देश के अन्य राज्यों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलाने वाले गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ा कदम उठाया है। एसटीएफ ने चार कुख्यात गैंगस्टरों हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित पर 10-10 हजार अमेरिकी डॉलर (करीब साढ़े नौ लाख रुपये) का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव हरियाणा डीजीपी को भेजा है।

आपराधिक नेटवर्क चला रहे आरोपी

एसटीएफ के अनुसार, ये सभी गैंगस्टर विदेश में रहकर रंगदारी, हत्या, हत्या की साजिश और संगठित अपराध जैसी गतिविधियों में शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि ये अपने गुर्गों के जरिए हरियाणा समेत कई राज्यों में आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहे हैं।

पिछले कुछ समय में गतिविधियां बढ़ीं

एसटीएफ आईजी सतीश बालन ने बताया कि पिछले कुछ समय से इन गैंगस्टरों की गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। विदेश में बैठकर ये हथियारों की सप्लाई, रंगदारी वसूली और अन्य गंभीर अपराधों को अंजाम दिला रहे हैं। इन पर लगाम लगाने और इनके खिलाफ ठोस जानकारी जुटाने के उद्देश्य से इनाम घोषित करने की सिफारिश की गई है।

कार्रवाई योग्य सूचनाएं पाना है मकसद

अधिकारी का कहना है कि इनाम घोषित किए जाने का मुख्य उद्देश्य इनके बारे में विश्वसनीय और कार्रवाई योग्य सूचनाएं प्राप्त करना है। आमजन और खुफिया एजेंसियों से मिली सूचनाओं के आधार पर इनकी गिरफ्तारी तथा भारत में प्रत्यर्पण और निर्वासन की कार्रवाई को गति दी जा सकेगी।