चंडीगढ़. मानसून के सक्रिय होने की वजह से लगातार बारिश बीमारियों का खतरा भी बढ़ाते हैं. पिछले कुछ दिनों में हुई बरसात ने जल जमाव की स्थिति पैदा कर दी है. जमें हुए पानी में पनपने वाले मच्छरों की वजह से डेंगू और इससे जुड़ी अन्य बीमारी को बुलावा दिया है. शहर में बदलते मौसम के बीच डेंगू और वायरल संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है. जानकारी के मुताबिक इस साल अब तक चंडीगढ़ में ही डेंगू के छह मामले सामने आ चुके हैं.
बरसात का मौसम पूरी तरह से लोगों के जीवन पर असर डाल रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने इस साल मच्छर से होने वाली सबसे खतरनाक बीमारियों में से एक डेंगू को लेकर आंकड़े जारी किए है्. इसके मुताबिक 1 जनवरी 2026 से अब तक जुलाई में डेंगू के तीन और अगस्त में तीन मरीजों की पुष्टि हुई है. मानसून के प्रभावी होने के बाद से इसके मामले बढ़े हैं. अगस्त में तीन नए मामले सामने आने के बाद विभाग ने निगरानी और मच्छर नियंत्रण गतिविधियों को तेज कर दिया है.
स्वास्थ्य विभाग इस मामले में अब पूरी तरह से एक्टिव हो चुकी है. डेंगू के संभावित प्रकोप को रोकने के लिए लार्वा की जांच और मच्छरों की रोकथाम पर खास ध्यान दिया जा रहा है. पंजाब और चंडीगढ के अलग-अलग इलाकों में मच्छरों के प्रजनन वाले जगहों की पहचान की जा रही है. इसे लेकर लोगों को में भी जागरूकता फैलाई जा रही है. जनसाधारण को अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की सलाह दी जा रही है. जिन जगहों पर पानी जमा हुआ है वहां मच्छर ना पनपने इसको लेकर खास प्रबंध किए जा रहे हैं.
H1N1 के भी 16 मामले
बारिश की वजह से सिर्फ डेंगू मामले ही सामने नहीं आ रहे चंडीगढ़ में इस दौरान H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के भी 16 मामले सामने आए हैं. इसके बाद लोगों को मास्क लगाकर बाहर निकलने की सलाह दी गई है. अस्पतालों में भी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है. स्वास्थ्य अधिकारियों पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं. संदिग्ध मरीजों पर नजर रखी जा रही है.
ऐसे में जब राज्य में मच्छरों के होने वाली बीमारी बढ़ रही है तो विशेषज्ञों ने मौसम को ध्यान में रखते हुए वायरल संक्रमण से बचाव करने कहा है. अगर बुखार, शरीर में दर्द, कमजोरी या अन्य लक्षण दिखे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. दो दिन से ज्यादा बुखार रहने पर नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें. समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग की तरप से बारिश के मौसम में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है. कहा गया है कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें. कूलर, गमले, पानी की टंकियों और अन्य स्थानों की नियमित सफाई करना जरूरी है.


