Haryana News: चरखी दादरी में टायर बदलने गाड़ी से बाहर निकले पिकअप चालक को डंपर ने कुचल दिया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर गांव समसपुर स्थित टोल प्लाजा के समीप चालक वाहन का टायर फटने के बाद सर्विस जोन में गाड़ी खड़ी कर उसे बदलने के लिए नीचे उतरा था। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने उसे टक्कर मार दी। डंपर चालकर गाड़ी सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।
हांसी जा रहा था पिकअप
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की टीम ने घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटपूतली जिले के गांव गुंती निवासी 24 वर्षीय अंकित पिकअप चलाता था। शुक्रवार शाम वह कारोबारी अजय अग्रवाल के साथ राजस्थान के बहरोड़ से वाहन में सब्जियां भरकर हांसी के लिए रवाना हुआ था। रात करीब साढ़े 12 बजे जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर गांव समसपुर स्थित टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो अचानक पिकअप का टायर फट गया। इसके बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सर्विस जोन में खड़ा कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
अंकित टायर बदलने के लिए पिकअप से नीचे उतरा ही था कि इसी दौरान पीछे से आए एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद डंपर चालक बिना रुके वहां से भाग निकला। साथ में मौजूद अजय अग्रवाल ने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
फरार डंपर चालक की तलाश
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया। परिजनों के अनुसार अंकित अपने पीछे पत्नी, दो साल की बेटी और एक साल के बेटे को छोड़ गया है। परिवार में दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के कारण मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


