नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में तबाही का दूसरा नाम बनकर उभरे वैभव सूर्यवंशी ने फिर हंगामा मचाया. युवा सनसनी ने एक ऐसा विश्व रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे तोड़ना नामुमकिन जैसा होगा. महज 15 साल के वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के पहले दो मैच में फ्लॉप रहने के बाद रिकॉर्ड तोड़ पारी खेल डाली. यूएई के खिलाफ इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए महज 28 गेंद पर शतक ठोक दिया.
वैभव ने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया. 2023-24 सीजन में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंद में उन्होंने शतक लगाया था. वैभव सूर्यवंशी लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
Frame it 🥶💯
📸 15-year-old Vaibhav Sooryavanshi soaks in the applause after a record-breaking HUNDRED 🫡
Updates ▶️ https://t.co/6Vwvc5BnWQ
#TeamIndia | #RisingStarsAsiaCup | #INDAvUAE https://t.co/YZj5CoU3Vs
— BCCI (@BCCI) November 24, 2026
वैभव सूर्यवंशी ने कैसे रचा इतिहास?
यूएई के खिलाफ इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक रूप दिखाया. टूर्नामेंट के पहले दो मैच में उनका बल्ला खामोश रहा था. पाकिस्तान-ए के खिलाफ वह 11 रन बनाकर आउट हो गए थे. इसकी भरपाई उन्होंने इस मैच में कर दिया. वैभव ने अपनी ऐतिहासिक पारी के दौरान 14 छक्के और 4 चौके लगाए. उन्होंने जहीद अली के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और महज 16 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया.
2️⃣8️⃣-ball HUNDRED 💯
Vaibhav Sooryavanshi with the fastest century ever in List A cricket 👏
Scorecard ▶️ https://t.co/6Vwvc5BnWQ
#TeamIndia | #RisingStarsAsiaCup | #INDAvUAE https://t.co/PH0gz2Ylci
— BCCI (@BCCI) November 24, 2026
लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी ने वर्ल्ड क्रिकेट में नया कारनामा अंजाम देते हुए 28 गेंद में शतक लगा दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था.
| गेंदें | बल्लेबाज | टीम/मुकाबला | साल |
|---|---|---|---|
| 28 | वैभव सूर्यवंशी | इंडिया-ए बनाम यूएई | 2026 |
| 29 | जेक फ्रेजर-मैकगर्क | साउथ ऑस्ट्रेलिया बनाम तस्मानिया | 2023 |
| 31 | एबी डिविलियर्स | दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज | 2015 |
| 32 | साकिबुल गनी | बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश | 2025 |
| 33 | ईशान किशन | झारखंड बनाम कर्नाटक | 2025 |
5 ओवर में 100 रन, लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज टीम स्कोर
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाया. इंडिया ए ने महज पांच ओवर में 100 रन पूरे कर लिए. यह लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी टीम की ओर से सबसे तेजी से 100 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी बन गया. इस दौरान दूसरे छोर से अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह के विकेट गिर गए. वैभव पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने अपनी बल्लेबाजी जारी रखी और यूएई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली.
28 गेंद में बदला क्रिकेट का इतिहास
पारी के सातवें ओवर में इबरार अहमद गेंदबाजी करने आए. उस समय वैभव 25 गेंद में 89 रन बनाकर खेल रहे थे. उन्होंने इबरार का स्वागत छक्के और लगातार दो शानदार चौकों के साथ किया. इसी ओवर में वैभव ने अपना शतक पूरा कर लिया. उन्होंने महज 28 गेंद में 100 रन बनाकर जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया. 15 साल के इस युवा बल्लेबाज की पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक नया विस्फोटक सितारा मिल गया है.


