IND vs ENG: करो या मरो वनडे से पहले गंभीर परेशान, जिसने जिताया था पहला मैच चोटिल होकर हुआ बाहर

0
125
Washington Sundar out with hamstring injury
वाशिंगटन सुंदर हुए लॉर्ड्स वनडे से बाहर

नई दिल्ली: भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है. स्टार स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण तीसरे और आखिरी वनडे से बाहर हो गए हैं. भारत और इंग्लैंड सीरीज में इस समय 1-1 की बराबरी पर हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनकी जगह युवा स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया है.

वॉशिंगटन सुंदर को गुरुवार (16 जुलाई) को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान बल्लेबाजी करते समय दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. चोट लगने के बावजूद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखने की कोशिश की, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट होकर मैदान छोड़ना पड़ा. बल्लेबाजी के दौरान टीवी कैमरों में उन्हें टीम फिजियो से दाहिनी जांघ पर उपचार लेते हुए भी देखा गया था.

मैच से पहले BCCI ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि सुंदर तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं. बोर्ड के अनुसार, उनकी चोट का स्कैन कराया जाएगा और आगे के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह ली जाएगी. दूसरे वनडे में सुंदर का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. उन्होंने पांच गेंदों में सिर्फ दो रन बनाए। मैच के बाद भारतीय टीम के सहायक कोच सितांशु कोटक ने बताया कि सुंदर को पहला रन लेते समय ही हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी और शुरुआती संकेतों से यह गंभीर चोट लग रही थी.

सीरीज के पहले वनडे में सुंदर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा था. भारत को लक्ष्य हासिल कराने में अहम भूमिका निभाई थी. दूसरे मुकाबले में वह बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ सके और इंग्लैंड ने मैच जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली. सुंदर के बाहर होने के बाद टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है. हर्ष दुबे को टीम में शामिल जरूर किया गया है, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें सीधे मौका मिलता है नहीं. हालांकि लंबे समय से इंतजार कर रहे कुलदीप यादव को अंतिम ग्यारह में शामिल किया जाना पक्का माना जा रहा है.

भारतीय टीम मैनेजमेंट की कोशिश बल्लेबाजी को नंबर-8 तक मजबूत रखने की रही है. सुंदर की चोट के बाद टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव लगभग तय माना जा रहा है. अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि निर्णायक मुकाबले में भारत किस संयोजन के साथ मैदान पर उतरता है.

  • TAGS
  • [post_tags]