Rohit Sharma Retirement Statement: रोहित शर्मा ने रिटायरमेंट की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, कहा- अगर शोर-शराबा न हो, तो मजा नहीं आता

0
223
Rohit Sharma Retirement Statement: रोहित ने कहा, बाहरी शोर-शराबा उनके फोकस को नहीं डिगा सकता।
Rohit Sharma Retirement Statement: रोहित ने कहा, बाहरी शोर-शराबा उनके फोकस को नहीं डिगा सकता।

लॉर्ड्स वनडे में 138 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलने के संन्यास की अफवाहों को रोहित शर्मा ने किया खारिज
Rohit Sharma Retirement Statement, (आज समाज), नई दिल्ली: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने भविष्य को लेकर चुप्पी तोड़ी है। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शानदार शतकीय पारी खेली थी और आलोचकों को जवाब दिया था। अब उन्होंने अपने संन्यास की खबरों पर बात की है। बीसीसीआई टीवी से बातचीत में रोहित ने कहा, मेरा काम बल्ले से खेलना है। मैदान पर उतरना, अपने देश और टीम का प्रतिनिधित्व करना।

मैंने जब से डेब्यू किया है, मुझे यही करने के लिए कहा गया है। इसी वजह से मैं यही करता रहूंगा। आप जानते हैं कि जब से मैंने डेब्यू किया है, तब से ही शोर-शराबा होता रहा है और जब तक मैं यहां रहूंगा, यह हमेशा होता रहेगा। इसी कारण मुझे इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता।

मेरा काम मैदान के अंदर है

पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा, मेरे लिए मायने यह रखता है कि मैं मैदान पर क्या करता हूं। मैं टीम की सफलता में योगदान देने की कोशिश करता हूं। अभी मेरा पूरा ध्यान इसी पर है और शोर-शराबे को होने दें। आप जानते हैं कि अगर शोर-शराबा न हो, तो मजा नहीं आता। मेरा काम मैदान के अंदर है, उनका काम बाहर है। इसे इसी नजरिए से देखता हूं।

रोहित शर्मा लॉर्ड्स के मैदान पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज

रोहित वनडे में लॉर्ड्स के मैदान पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 17 चौके और 5 छक्के लगाए। हालांकि, वह भारतीय टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। रोहित ने कहा कि अगर भारत इस रन चेज को सफलतापूर्वक पूरा करता, तो एक और नया रिकॉर्ड कायम होता।

नतीजे से थोड़ी निराशा हुई

उन्होंने कहा, नतीजे से थोड़ी निराशा हुई, क्योंकि मुझे लगा कि हम बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रहे थे। बर्मिंघम में हमने जिस तरह से शुरूआत की, वह बहुत अच्छा था। असल में, कार्डिफ में हम बल्लेबाजी में थोड़े पीछे रह गए। स्कोरबोर्ड पर काफी रन नहीं थे। और फिर यहां भी हमें एक बहुत बड़ा स्कोर चेज करना था। हमने बल्लेबाजी में पूरी कोशिश की, लेकिन फिर भी 20-25 रन पीछे रह गए।

भारत के सबसे उम्रदराज वनडे खिलाड़ी बने रोहित

रोहित शर्मा भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इससे पहले जून में धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित ने 16, 48 और 79 रन की पारियां खेली थीं।

बीसीसीआई सचिव ने भी अटकलों को खारिज किया

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में शुक्रवार को दावा किया गया था कि लॉर्ड्स में खेला गया यह मुकाबला रोहित के वनडे करियर का आखिरी मैच हो सकता है और वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, शनिवार को ही बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने ऐसी अटकलों को खारिज कर दिया था।

रोहित के संन्यास पर कोई चर्चा नहीं हुई

वहीं, मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कप्तान शुभमन गिल ने कहा, मुझे लगता है कि यह सब मीडिया में ही चल रहा है। टीम के अंदर इस तरह की कोई बातचीत नहीं हुई है। रोहित भाई ने हमसे संन्यास के बारे में कुछ भी नहीं कहा है।

  • TAGS
  • [post_tags]