Vijay Hazare Trophy : राष्ट्रीय खिलाड़ी खेलेंगे विजय हजारे ट्रॉफी

0
477
Vijay Hazare Trophy : राष्ट्रीय खिलाड़ी खेलेंगे विजय हजारे ट्रॉफी
Vijay Hazare Trophy : राष्ट्रीय खिलाड़ी खेलेंगे विजय हजारे ट्रॉफी

भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला

Vijay Hazare Trophy (आज समाज), खेल डेस्क : भारतीय टीम के खिलाड़ियों को लय बरकरार रखने और घरेलू क्रिकेट का स्तर और भी ज्यादा ऊंचा उठाने के लिए बीसीसीआई ने एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। दरअसल अब भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों के लिए यह आवश्यक हो जाएगा कि वे आने वाले दिनों में घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लें।

बोर्ड ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मौजूदा राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ियों को आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मुकाबले खेलना अनिवार्य होगा। यह टूर्नामेंट 24 दिसंबर से शुरू हो रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेले गए आखिरी टी20 मैच और 11 जनवरी 2026 से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के बीच करीब तीन सप्ताह का अंतर है। इसी अवधि का उपयोग करते हुए बीसीसीआई अपने सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट से जोड़े रखना चाहता है।

चयन समिति ने खिलाड़ियों को दी साफ हिदायत

अजीत अगरकर की अगुआई वाली राष्ट्रीय चयन समिति ने यह निर्देश खिलाड़ियों तक पहुंचा दिया है। यह फैसला आॅस्ट्रेलिया में हुए टेस्ट सीरीज के खराब प्रदर्शन के बाद किए गए रिव्यू का हिस्सा है, जिसमें सभी फॉर्मेट्स में घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देने की सिफारिश की गई थी।

रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले ही अपनी उपलब्धता की जानकारी दे चुके हैं। इसके अलावा शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर खिलाड़ियों को भी अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए कम से कम दो मैच खेलने के लिए कहा गया है। केवल श्रेयस अय्यर फिटनेस कारणों से फिलहाल इससे बाहर रह सकते हैं।

अपने फैसले पर यह बोले बीसीसीआई अधिकारी

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विजय हजारे ट्रॉफी में कुल छह राउंड होंगे और खिलाड़ी और राज्य संघ यह तय कर सकते हैं कि वो किन दो राउंड में खेलेंगे। हालांकि, यह भी साफ कर दिया गया है कि हजारे ट्रॉफी खेलना अब वैकल्पिक नहीं है। केवल वही खिलाड़ी छूट पा सकते हैं जिन्हें सेंटर आॅफ एक्सीलेंस अनफिट घोषित करे।

ये भी पढ़ें : T20 World Cup 2026 : टी-20 वर्ल्ड कप टीम से शुभमन गिल बाहर

  • TAGS
  • [post_tags]