चार विकेट गिरने के बाद अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने पारी को संभाला।
IND Vs ENG 1st ODI, (आज समाज), बर्मिंघम: भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। एजबेस्टन में 259 रन का पीछा करते हुए भारत ने 45.2 ओवर में 4 विकेट पर 262 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। जीत के हीरो ऑलराउंडर अक्षर पटेल रहे। उन्होंने पहले गेंदबाजी में 4 विकेट झटके, फिर नाबाद 57 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल ने 80 रन बनाए।वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन की पारी खेली। दूसरा मैच 16 जुलाई को कार्डिफ में खेला जाएगा।
जो रूट और लियाम डॉसन ने इंग्लैंड को संभाला
इससे पहले पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। इंग्लैंड ने सिर्फ 19 रन के अंदर पांच विकेट गंवा दिए। जसप्रीत बुमराह ने कप्तान हैरी ब्रूक, प्रसिद्ध कृष्णा ने जोस बटलर और सैम करन, जबकि गुरनूर बरार ने डकेट और बेथेल को आउट किया। इंग्लैंड की टीम को जो रूट और लियाम डॉसन ने संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की। रूट 76 रन बनाकर नाबाद रहे। डॉसन ने 68 रन बनाए। इंग्लैंड की पारी 47.5 ओवर में 258 रन पर ऑलआउट हुई।
शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही।रोहित शर्मा (11) और विराट कोहली (5) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर (35) ने तीसरे विकेट के लिए 101 रन जोड़कर पारी संभाली। गिल ने 75 गेंदों पर 80 रन बनाए। वे क्रैम्प्स के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। अगले ही ओवर में श्रेयस रनआउट हुए और केएल राहुल भी सिर्फ एक रन बनाकर बोल्ड हो गए।
अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने पारी को संभाला
चार विकेट गिरने के बाद अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने पारी को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए नाबाद 102 रन की साझेदारी हुई। अक्षर ने 52 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए। वॉशिंगटन ने 63 गेंदों पर नाबाद 52 रन की पारी खेली। वॉशिंगटन ने सिक्स लगाकर मैच जिताने के साथ अर्धशतक भी पूरा किया।


