PM Narendra Modi : शिबू सोरेन ने आदिवासियों और गरीबों को सशक्त बनाया : पीएम

0
76
PM Narendra Modi : शिबू सोरेन ने आदिवासियों और गरीबों को सशक्त बनाया : पीएम
PM Narendra Modi : शिबू सोरेन ने आदिवासियों और गरीबों को सशक्त बनाया : पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई अन्य नेताओं ने झारखंड के पूर्व सीएम के निधन पर जताया शोक

PM Narendra Modi (आज समाज), नई दिल्ली : झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड ने आज अपना एक सशक्त नेता खो दिया। पीएम ने अपने शोक संदेश में कहा कि शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष की एक सशक्त गाथा है। जिन्होंने बचपन से लेकर बुढ़ापे तक अपना सारा जीवन आदिवासी और वंचित लोगों को सशक्त बनाने में लगा दिया। पीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में तरक्की की।

वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए खास तौर पर प्रतिबद्ध रहे। उनके निधन से दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाडरा और कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। शिबू सोरेन के निधन पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘मैंने कल्पना जी (कल्पना सोरेन) को मैसेज किया है। यह हम सभी के लिए बहुत दुखद समाचार है। हम उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं, हमारी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।’

दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में ली अंतिम सांस

झारखंड की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले वरिष्ठ राजनीतिज्ञ, राज्यसभा सांसद और झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का आज (सोमवार) को निधन हो गया। कुछ समय पहले उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था और उनके शरीर का एक हिस्सा पैरालाइज हो गया था। जिसके बाद उन्हें दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल में दाखिल कराया गया था।

अस्पताल के वरिष्ठ न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही थी। उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। जिसके बाद आज सुबह उनका देहांत हो गया। उनके निधन की सूचना उनके बेटे हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से साझा की। शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। एक साल से डायलिसिस पर थे। वे डायबिटीज से पीड़ित थे और हार्ट की बायपास सर्जरी भी हो चुकी थी।

ये भी पढ़ें : Weather Update : देश के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी