13 फरवरी को मनाई जाएगी विजया एकादशी
Vijaya Ekadashi, (आज समाज), नई दिल्ली: एकादशी व्रत का विशेष महत्व है, और जब बात विजया एकादशी की हो, तो इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्री राम ने लंका पर विजय प्राप्त करने के लिए समुद्र किनारे इसी विजया एकादशी का व्रत किया था। पंचांग के अनुसार, साल 2026 में 13 फरवरी को विजया एकादशी मनाई जाएगी। यदि आप भी अपनी बाधाओं को दूर करना चाहते हैं और कार्यों में सफलता पाना चाहते हैं, तो इस दिन कुछ नियमों का पालन करना जरूरी होता है।
विजया एकादशी पर क्या करें?
- सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ पीले वस्त्र धारण करें। व्रत का संकल्प लेकर भगवान विष्णु की मूर्ति या तस्वीर के सामने घी का दीपक जलाएं।
- एकादशी के दिन सामर्थ्य अनुसार अन्न, जल या गर्म कपड़ों का दान करें। ब्राह्मणों और जरूरतमंदों को भोजन कराना उत्तम है।
- संभव हो तो रात में सोएं नहीं, बल्कि भजन-कीर्तन करते हुए भगवान का ध्यान करें।
विजया एकादशी पर क्या न करें?
- एकादशी के दिन चावल खाना धार्मिक दृष्टि से भी अशुभ माना जाता है।
- इस दिन प्याज, लहसुन, मांस या मदिरा का सेवन भूलकर भी न करें।
- एकादशी का व्रत संयम का प्रतीक है। इस दिन किसी को अपशब्द न बोलें, गुस्सा न करें और न ही किसी की बुराई करें।
- भगवान विष्णु को तुलसी प्रिय है, लेकिन एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए। पूजन के लिए पत्ते एक दिन पहले ही तोड़कर रख लें।
- इस दिन दिन के समय सोने से बचना चाहिए। अपना समय प्रभु की भक्ति में लगाएं।


