
चार धामों में शामिल हैं केदारनाथ धाम
Kedarnath Jyotirlinga, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तराखंड में पहाड़ों की गोद में बसा है भगवान शिव का पवित्र धाम केदारनाथ। प्रदेश के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम चार पावन धामों में शामिल है। केदारनाथ धाम में भगवान शिव का पवित्र ज्योतिर्लिंग स्थापित है। धार्मिक और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, केदारनाथ धाम को द्वादश ज्योतिलिंर्गों में 11वां माना जाता है।
यहां बड़ी संख्या में शिव भक्त अपने आराध्य के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। इन दिनों केदारनाथ धाम के कपाट खुले हुए हैं। भक्त यहां महादेव का दर्शन और पूजन कर रहे हैं। केदारनाथ की कहानी बड़ी रोचक है। माना जाता है कि पांडवों ने केदारेश्वर ज्योतिर्लिंग के प्रचीन मंदिर का निर्माण करवाया था।
कथा के अनुसार
केदारनाथ धाम को लेकर प्रचिलित कथा के अनुसार, महाभारत के युद्ध के बाद पांडव पश्चाताप की अग्नि में जल रहे थे। पांडव भाइयों की हत्या के पाप से मुक्ति पाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने महादेव की भक्ति प्रारंभ की। क्योंकि वो जानते थे कि इस पाप से मुक्ति के लिए महादेव का आशीर्वाद आवश्यक है, लेकिन महादेव पांडवों की भक्ति से प्रसन्न नहीं थे। इसलिए वो केदारनााथ चले गए।
महादेव ने कर लिया भैंसे का रूप धारण
हालांकि, पांडव भी उनके दर्शन के लिए केदारनाथ पहुंच गए। इसके बाद भगवान शिव ने भैंसे का रूप धारण कर लिया और अन्य पशुओं के बीच जाकर बैठ गए। ताकि पांडव उनको पहचान न सकें। फिर शिव को तलाशते हुए भीमसेन ने अपना शरीर विशाल कर लिया और अपने पैर दो पहाड़ों पर फैला दिए। जिसके बाद उस पहाड़ के नीचे से सभी पशु तो निकल गए, लेकिन वहां मौजूद एक भैंसे ने ऐसा नहीं किया।
भैंसे की पीठ को शिव का रूप
इसके बाद भीम पूरी शक्ति से भैंसे की ओर झपटे, लेकिन वह जमीन में समाने लगा। तभी भीम ने उसकी की पीठ का पिछला भाग पकड़ लिया। इस पर महादेव पांडवों की ईच्छाशक्ति और भक्ति से प्रसन्न हुए और उन्हें दर्शन देकर भाइयों की हत्या के पाप से मुक्त किया। धार्मिक मान्यता है कि उसी समय से केदारानाथ में भैंसे की पीठ को शिव का रूप माना जाने लगा और पूजा होने लगी।

