Rakshabandhan 2026: रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और रक्षा के संकल्प का पवित्र पर्व है. साल 2026 में रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा. हिंदू धर्म के पौराणिक ग्रंथों और लोकपरंपराओं में इस त्योहार से जुड़ी कई कथाएं मिलती हैं. इन कहानियों में भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक गहराई और रक्षासूत्र के धार्मिक महत्व को बताया गया है. आइए जानते हैं रक्षाबंधन से जुड़ी तीन प्रमुख पौराणिक कथाओं के बारे में.
माता लक्ष्मी और राजा बलि की कथा
मान्यता के अनुसार, राजा बलि ने भगवान विष्णु को पाताल लोक का द्वारपाल बना लिया था. पति के पाताल लोक चले जाने से माता लक्ष्मी चिंतित हो गईं. इसके बाद वह गरीब स्त्री का रूप धारण कर पाताल लोक पहुंचीं और राजा बलि की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा.
जब बलि ने उनसे उपहार मांगने को कहा, तब माता लक्ष्मी ने अपना वास्तविक स्वरूप प्रकट कर भगवान विष्णु को वापस मांग लिया. अपने वचन के प्रति प्रतिबद्ध राजा बलि ने भगवान विष्णु को बैकुंठ लौटने की अनुमति दे दी. इसी प्रसंग को रक्षाबंधन की परंपरा से जोड़कर देखा जाता है.
श्रीकृष्ण और द्रौपदी की कथा
महाभारत से जुड़ी मान्यता के अनुसार, शिशुपाल का वध करते समय भगवान कृष्ण की उंगली पर चोट लग गई थी. खून बहता देखकर द्रौपदी ने अपनी साड़ी का पल्लू फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया. द्रौपदी के इस स्नेह और सेवा भाव से प्रसन्न होकर कृष्ण ने हर परिस्थिति में उनकी रक्षा करने का वचन दिया.
बाद में कौरवों की सभा में चीरहरण के समय भगवान कृष्ण ने द्रौपदी की लाज बचाकर अपने वचन को निभाया. यह कथा भाई-बहन के अटूट स्नेह और रक्षा के संकल्प का प्रतीक मानी जाती है.
यमराज और यमुना की कहानी
एक अन्य पौराणिक कथा में यमराज और उनकी बहन यमुना का उल्लेख मिलता है. लंबे समय बाद यमुना ने यमराज को घर बुलाकर उनका स्वागत किया, तिलक लगाया और कलाई पर रक्षासूत्र बांधा. प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वर मांगने को कहा.
यमुना ने वर मांगा कि वह हर वर्ष उनसे मिलने आएं और जो बहन इस दिन भाई को रक्षासूत्र बांधे, उसे यमराज के भय से मुक्ति मिले. यह कथा मुख्यतः भाईदूज से जुड़ी मानी जाती है, हालांकि रक्षाबंधन के महत्व से भी इसका संबंध बताया जाता है.

