Kokila Vrat 2026: कल रखा जाएगा कोकिला व्रत, कुंवारी लड़कियों और सुहागिनों के लिए क्यों माना जाता है खास?

0
113
Kokila Vrat 2026: पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस व्रत के प्रभाव से मनचाहा जीवनसाथी मिलता है और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
Kokila Vrat 2026: पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस व्रत के प्रभाव से मनचाहा जीवनसाथी मिलता है और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करने का है विशेष महत्व
Kokila Vrat 2026, (आज समाज), नई दिल्ली: आषाढ़ मास की पूर्णिमा के दिन रखा जाने वाला कोकिला व्रत धार्मिक दृष्टि से बहुत खास माना जाता है। यह व्रत खासतौर पर सुहागिन महिलाओं और विवाह योग्य कन्याओं के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और पति की लंबी उम्र की कामना पूरी होती है।

वहीं, कुंवारी लड़कियां अच्छे और मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए यह व्रत रखती हैं। कुछ जगहों में, यह व्रत आषाढ़ पूर्णिमा से श्रावण पूर्णिमा तक एक माह की अवधि के लिये किया जाता है। आइए जानते हैं इस साल कोकिला व्रत कब है, इसके पीछे की पौराणिक कथा और इसके धार्मिक महत्व के बारे में।

कोकिला व्रत 2026 कब रखा जाएगा?

द्रिक पंचांग के अनुसार, साल 2026 में आषाढ़ मास की पूर्णिमा तिथि की शुरूआत 28 जुलाई, मंगलवार को शाम 6 बजकर 18 मिनट पर होगी। वहीं, पूर्णिमा तिथि का समापन 29 जुलाई, बुधवार को रात 8 बजकर 5 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार, इस साल कोकिला व्रत 28 जुलाई 2026, मंगलवार को रखा जाएगा।

पूजा का शुभ मुहूर्त

कोकिला व्रत के दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा के लिए प्रदोष काल का समय भी शुभ माना जाता है। 28 जुलाई 2026 को प्रदोष पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 7 बजकर 15 मिनट से रात 9 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। इस दौरान पूजा के लिए कुल 2 घंटे 5 मिनट का समय मिलेगा। श्रद्धालु इस शुभ समय में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर सकते हैं।

माता पार्वती से जुड़ी है कोकिला व्रत की कथा

कोकिला व्रत से जुड़ी एक पौराणिक कथा काफी प्रचलित है। मान्यता है कि एक समय माता पार्वती को एक श्राप के कारण कोयल का रूप धारण करना पड़ा था। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए उनकी आराधना और तपस्या की। कहा जाता है कि माता पार्वती ने कोयल के रूप में भी भगवान शिव की भक्ति नहीं छोड़ी और लंबे समय तक कठोर तप किया।

उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें दर्शन दिए और उन्हें श्राप से मुक्ति मिली। इसके बाद माता पार्वती को उनका पूर्व स्वरूप प्राप्त हुआ और भगवान शिव के साथ उनका विवाह हुआ। इसी पौराणिक प्रसंग के कारण इस व्रत को कोकिला व्रत कहा जाता है।

कुंवारी लड़कियों के लिए क्यों खास है कोकिला व्रत?

कोकिला व्रत को विवाह योग्य कन्याओं के लिए विशेष माना जाता है। मान्यता है कि जो लड़कियां इस दिन श्रद्धा और नियम के साथ व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं, उन्हें मनचाहा जीवनसाथी मिलने का आशीर्वाद प्राप्त हो सकता है।

भगवान शिव को आदर्श पति और माता पार्वती को आदर्श पत्नी के रूप में देखा जाता है। ऐसे में विवाह योग्य कन्याएं इस व्रत के दौरान शिव-पार्वती की पूजा कर सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करती हैं।

सुहागिन महिलाओं के लिए भी है विशेष महत्व

सुहागिन महिलाओं के लिए कोकिला व्रत का महत्व और भी बढ़ जाता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं। साथ ही परिवार में सुख-शांति और दांपत्य जीवन में प्रेम बना रहे, इसके लिए भगवान शिव और माता पार्वती से प्रार्थना की जाती है।

मान्यता है कि जिस तरह माता पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए कठिन तपस्या की थी, उसी तरह उनके नाम से जुड़ा यह व्रत रखने से महिलाओं के वैवाहिक जीवन में आने वाली परेशानियां दूर होने की भी धार्मिक मान्यता है।

जानिए देवी सती और भगवान शिव की कथा

पौराणिक कथा के अनुसार, माता सती के पिता राजा दक्ष ने यज्ञ का आयोजन किया था, जिसमें उन्होंने सभी देवी-देवताओं को आंमत्रित किया था, लेकिन माता सती और महादेव को नहीं बुलाया था।

जब देवी सती को इस बात का पता चला तो वो महादेव से यज्ञ में जाने की जिद्द करने लगीं। भगवान शिव ने सती को बहुत समझाया कि बिना बुलाए इस यज्ञ में जाना ठीक नहीं, लेकिन माता सती ने महादेव की एक न मानी और यज्ञ में चली गई।

कोयल बनकर जीने का श्राप दिया

माता सती जैसे ही अपने पिता दक्ष के यज्ञ में पहुंची तो उनके पिता ने उनका और उनके पति यानी भगवान शिव बहुत अपमान किया। माता महादेव का अपमान न सह सकीं और यज्ञकुंड की अग्नि में कुद गई। जब भगवान शिव को इस बात का पता चला तो उन्होंने दक्ष को मृत्यु दंड दिया। साथ ही माता सती को आज्ञा न मानने के लिए हजारों वर्षों तक कोयल बनकर जीने का श्राप दे दिया।

कहा जाता है कि भगवान शिव के इसी श्राप की वजह से देवी सती कई हजारों साल तक नंदन वन में कोयल बनकर जीवन जीती रहीं। फिर जाकर उनका जन्म माता पार्वती के रूप में हुआ और उन्होंने भगवान शिव को प्राप्त किया।

ये भी पढ़ें: शुरू हुआ चातुर्मास, इस माह में जरूर करें ये विशेष उपाय, जीवन की बाधाएं होंगी दूर!

  • TAGS
  • [post_tags]