Kanwar Yatra Family Rules: कांवड़ियों के घरवालों को भी करना पड़ता हैं नियमों का पालन

0
204
Kanwar Yatra Family Rules: ऐसा माना जाता है कि नियमों का पालन करने से परिवार पर भगवान शिव की कृपा बनी रहती है।
Kanwar Yatra Family Rules: ऐसा माना जाता है कि नियमों का पालन करने से परिवार पर भगवान शिव की कृपा बनी रहती है।

भगवान शिव की आराधना और आत्मसंयम का समय है सावन माह
Kanwar Yatra Family Rules, (आज समाज), नई दिल्ली: सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति के लिए बेहद खास माना जाता है। इस महीने में शिव भक्त गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं और पैदल यात्रा करके अपने आराध्य भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भक्त कई नियमों और धार्मिक मान्यताओं का पालन करते हैं।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि कांवड़ यात्रा के नियम सिर्फ कांवड़ लेकर चलने वाले भक्तों तक ही सीमित नहीं माने जाते? धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर घर का कोई सदस्य कांवड़ लेने गया है, तो घर के बाकी लोगों को भी कुछ खास नियमों और परहेज का पालन करना पड़ता है। आइए जानते हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान घर के सदस्यों को किन बातों का खास ध्यान रखना चाहिए।

इन बातों का रखना चाहिए ध्यान

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब परिवार का कोई सदस्य कांवड़ यात्रा पर जाता है तो घर के बाकी सदस्यों को भी उसके व्रत और संकल्प का सम्मान करना चाहिए। परिवार के लोग घर में भगवान शिव का स्मरण कर सकते हैं और सुबह-शाम शिव मंत्र का जाप या पूजा कर सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि इससे घर का वातावरण सकारात्मक बना रहता है।

घर में मांसाहार और नशे से दूरी रखने की मान्यता

कांवड़ यात्रा के दौरान घर में भी सात्विक वातावरण बनाए रखने की परंपरा कई परिवारों में देखने को मिलती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर घर का कोई सदस्य कांवड़ यात्रा पर गया है तो परिवार के लोगों को भी मांसाहार और शराब जैसे नशीले पदार्थों से दूरी रखनी चाहिए। मान्यता है कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव की भक्ति और तपस्या से जुड़ी होती है। ऐसे में घर में भी सात्विक भोजन और शांत वातावरण रखने से कांवड़िया के संकल्प और भक्ति का सम्मान होता है।

घर में गाली-गलौज और झगड़े से बचें

कांवड़ यात्रा के दौरान घर में आपसी विवाद और लड़ाई-झगड़े से बचने की भी सलाह दी जाती है। मान्यता है कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और आत्मसंयम का समय है। ऐसे में घर में शांत माहौल रखना शुभ माना जाता है। परिवार के सदस्यों को कोशिश करनी चाहिए कि छोटी-छोटी बातों को लेकर बहस न हो। घर में किसी तरह का तनाव या नकारात्मक माहौल न बने, इसका ध्यान रखना चाहिए।

घर में तामसिक भोजन से बचने की मान्यता

कई परिवारों में कांवड़ यात्रा के दौरान घर पर प्याज-लहसुन समेत तामसिक भोजन से भी दूरी रखने की परंपरा होती है। लोग इस दौरान सात्विक भोजन करते हैं और भगवान शिव को भोग लगाकर ही भोजन ग्रहण करते हैं। इस मान्यता के पीछे मुख्य भाव यही है कि कांवड़ यात्रा के दिनों में घर का वातावरण भी धार्मिक और सात्विक बना रहे।

घर में पूजा-पाठ और शिव नाम का स्मरण करें

कांवड़िया जब यात्रा पर होता है, तो परिवार के सदस्य भी भगवान शिव का स्मरण कर सकते हैं। सुबह स्नान करके भगवान शिव को जल अर्पित करना, दीपक जलाना और ओम नम: शिवाय का जाप करना शुभ माना जाता है। अगर घर में शिवलिंग है तो उसकी पूजा की जा सकती है। इसके अलावा सोमवार के दिन व्रत रखने की परंपरा भी कई परिवारों में है। ऐसा माना जाता है कि इन सब कामों से परिवार पर भगवान शिव की कृपा बनी रहती है।

ये भी पढ़ें: कल 3 दुर्लभ योगों में मनाई जाएगी गुरु पूर्णिमा

  • TAGS
  • [post_tags]