Ganesh Chaturthi 2026 Date: गणेश चतुर्थी का पर्व भगवान गणेश को समर्पित प्रमुख हिंदू त्योहारों में शामिल है. इस दिन श्रद्धालु घरों और पूजा पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा करते हैं. वर्ष 2026 में गणेश चतुर्थी की तारीख को लेकर असमंजस है कि गणपति स्थापना 14 सितंबर को की जाए या 15 सितंबर को. पंचांग के अनुसार इस सवाल का जवाब 14 सितंबर है.
गणेश चतुर्थी 2026 की सही तारीख (Ganesh Chaturthi 2026 Date)
द्रिक पंचांग के अनुसार, भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 14 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 6 मिनट पर शुरू होगी और 15 सितंबर को सुबह 7 बजकर 44 मिनट तक रहेगी. चूंकि 14 सितंबर को ही चतुर्थी तिथि के दौरान गणेश पूजा के लिए मध्याह्न काल उपलब्ध होगा, इसलिए इसी दिन गणेश चतुर्थी मनाई जाएगी.
ऐसे में घर पर गणपति स्थापना की तैयारी कर रहे भक्त 14 सितंबर 2026 को ही बप्पा को घर लाएं और शुभ विधि से उनकी स्थापना करें.
25 सितंबर को होगा गणपति विसर्जन
गणेश चतुर्थी से शुरू होने वाला गणेशोत्सव सामान्यतः 10 दिनों तक चलता है. इसका समापन अनंत चतुर्दशी पर गणपति विसर्जन के साथ होता है. वर्ष 2026 में अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर को होगी. हालांकि, परंपरा के अनुसार भक्त डेढ़ दिन, तीन, पांच या सात दिन बाद भी गणपति विसर्जन कर सकते हैं.
14 सितंबर को ही क्यों होगी स्थापना?
गणेश चतुर्थी की तारीख निर्धारित करते समय केवल चतुर्थी तिथि के आरंभ और समाप्ति को नहीं देखा जाता. पूजा के लिए उपलब्ध मध्याह्न काल भी महत्वपूर्ण होता है. इस वर्ष 14 सितंबर को चतुर्थी तिथि के साथ मध्याह्न काल मिल रहा है. धार्मिक मान्यताओं में भगवान गणेश की पूजा और स्थापना के लिए यह समय विशेष शुभ माना जाता है. इसलिए पर्व 14 सितंबर को मनाया जाएगा.
गणपति स्थापना की सरल पूजा विधि
सुबह स्नान कर पूजा स्थल की सफाई करें और चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं. श्रद्धापूर्वक गणपति बप्पा को घर लाकर चौकी पर स्थापित करें. इसके बाद जल या पंचामृत से अभिषेक कर साफ वस्त्र, जनेऊ, चंदन, अक्षत, फूल और दूर्वा अर्पित करें. भगवान को मोदक या लड्डू का भोग लगाएं. धूप-दीप जलाकर आरती करें और मनोकामना के लिए प्रार्थना करें. पूजा में दूर्वा अर्पित करना विशेष शुभ माना जाता है.


