Durga Ashtami and Navami 2026: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सोमवार को दुर्गा अष्टमी और नवमी के संयोग के चलते मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। हरियाणा के देवी मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन, पूजा-अर्चना और कन्या पूजन के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। मंदिरों में ‘जय माता दी’ के जयकारों, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। भक्त मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और मंगल की कामना कर रहे हैं। इस बार 19 अक्टूबर को अष्टमी तिथि सुबह समाप्त होने के बाद नवमी तिथि शुरू हो रही है। पंचांग के अनुसार अष्टमी तिथि सुबह लगभग 10:51 बजे तक रहेगी, जिसके बाद नवमी आरंभ होगी।
माता मनसा देवी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
पंचकूला स्थित श्री माता मनसा देवी मंदिर में नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष रौनक रही और भक्तों ने पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद मांगा। मंदिर के साथ-साथ कालका स्थित श्री काली माता मंदिर और चंडी माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। 18 अक्टूबर को पंचकूला जिले के इन तीन प्रमुख मंदिरों में 86 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें माता मनसा देवी मंदिर में करीब 60 हजार, कालका के काली माता मंदिर में 21 हजार और चंडी माता मंदिर में लगभग पांच हजार श्रद्धालु पहुंचे। यह आंकड़ा रविवार का है, जबकि सोमवार को भी धार्मिक उत्साह बना हुआ है।
यमुनानगर के देवी मंदिरों में भी लगी कतारें
यमुनानगर जिले में भी दुर्गा अष्टमी और नवमी के अवसर पर देवी मंदिरों में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। जगाधरी स्थित प्राचीन देवी भवन मंदिर, पत्थरों वाला बाजार स्थित सिद्ध पीठ मां संतोषी मंदिर, छछरौली का प्राचीन श्री शेरावाली मंदिर, लोहरीवाला स्थित मां दुर्गा मंदिर, बूडिया का प्राचीन श्री दुर्गेश्वरी मंदिर, जगाधरी का मां गौरी शंकर मंदिर और प्राचीन श्री खेड़ा मंदिर स्थित देवी मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। श्रद्धालु मां दुर्गा को चुनरी, नारियल, फूल और प्रसाद अर्पित कर रहे हैं। मंदिरों में पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन के बीच भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
नवमी पर कन्या पूजन का विशेष महत्व
दुर्गा अष्टमी और महानवमी पर कन्या पूजन की परंपरा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन छोटी कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा की जाती है। श्रद्धालु कन्याओं के पैर धोकर, तिलक लगाकर, चुनरी और उपहार भेंट करके उनका आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद उन्हें हलवा, पूरी, चने और अन्य प्रसाद खिलाया जाता है। नवरात्र के व्रत रखने वाले अनेक श्रद्धालु कन्या पूजन के बाद अपना व्रत खोलते हैं। मान्यता है कि इस अनुष्ठान से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और परिवार में सुख, शांति तथा समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।


